पखांजूर:-महाराष्ट्र के सूरजागढ़ क्षेत्र से खनन किए जा रहे लौह अयस्क का पखांजूर मार्ग से हो रहे परिवहन के विरोध में बुधवार को कांग्रेस ने नया बाजार स्थित अंजली नाला पुल पर स्टेट हाईवे क्रमांक-25 को जाम कर दो घंटे तक धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान भारी वाहनों की आवाजाही पूरी तरह ठप रही, जबकि छोटे वाहनों को वैकल्पिक मार्ग से निकाला गया। बाद में पुलिस ने आंदोलनकारियों को हटाकर मार्ग बहाल कराया।
कांग्रेस कार्यकर्ता दोपहर करीब 2:30 बजे अंजली नाला पुल पर धरने पर बैठ गए। इससे स्टेट हाईवे पर लगभग दो घंटे तक यातायात बाधित रहा। बुधवार को पखांजूर का साप्ताहिक बाजार होने के कारण बाजार आने-जाने वाले लोगों को भी काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
करीब 4:30 बजे तहसीलदार केतन भोयर मौके पर पहुंचे। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने नया ज्ञापन देने के बजाय पूर्व में अनुविभागीय अधिकारी कार्यालय में सौंपे गए ज्ञापन पर कार्रवाई की मांग दोहराई। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि क्षेत्र की सड़कें और पुल जर्जर स्थिति में हैं, ऐसे में सूरजागढ़ से लौह अयस्क लेकर गुजरने वाले भारी वाहनों की आवाजाही तत्काल रोकी जाए। उनका कहना था कि जब तक सड़क का निर्माण एवं मरम्मत नहीं हो जाती, तब तक भारी वाहनों के आवागमन पर रोक लगाई जाए। साथ ही डीएमएफ मद की राशि का उपयोग क्षेत्र के विकास कार्यों में किए जाने की भी मांग उठाई गई।
पखांजूर मंडल कांग्रेस अध्यक्ष राजदीप हालदार ने कहा कि भारी वाहनों के लगातार आवागमन से सड़क और पुल की स्थिति लगातार खराब हो रही है, जिससे आम लोगों की सुरक्षा भी खतरे में है। तहसीलदार ने आंदोलनकारियों की मांगों को उच्च अधिकारियों तक पहुंचाने का आश्वासन दिया। इसके बाद पुलिस ने धरने पर बैठे कांग्रेस कार्यकर्ताओं को हटाकर मार्ग पर यातायात सामान्य कराया। धरना-प्रदर्शन में इन्द्रजीत विश्वास, रूपसिंह पोटाई, सुप्रकाश मल्लिक, राजदीप हालदार, विकास मंडल, हर्षित मूर्धा, आशीष देवांगन, रोहन विश्वास, दीपांकर सरकार, रमेन सरकार, अरुण मंडल, विधान विश्वास, प्रदीप बाईन, दिलीप विश्वास सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
रिपोर्ट :- देवजीत देवनाथ..

