रिपोर्ट : पवन अहिरवाल
जीरापुर। मध्य प्रदेश पुलिस द्वारा 15 जुलाई से 30 जुलाई तक चलाए जा रहे प्रदेशव्यापी "नशे से दूरी है जरूरी 2.0" जनजागरूकता अभियान के अंतर्गत रॉयल हाईट्स हायर सेकेंडरी स्कूल, जीरापुर में छात्र-छात्राओं के लिए एक प्रभावी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराना, उन्हें स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना तथा समाज को नशामुक्त बनाने के लिए जागरूक करना था।
कार्यक्रम में जीरापुर थाना प्रभारी हुकम सिंह मीणा, सब इंस्पेक्टर संतोष सिंह एवं महिला सब इंस्पेक्टर मोनिका जी ने विद्यार्थियों को संबोधित किया। थाना प्रभारी हुकम सिंह मीणा ने कहा कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य, शिक्षा, परिवार और समाज को गंभीर रूप से प्रभावित करता है। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वयं नशे से दूर रहने तथा अपने मित्रों और परिवार को भी इसके प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।
सब इंस्पेक्टर संतोष सिंह ने विद्यार्थियों को अनुशासित जीवन, अच्छे संस्कार और सामाजिक जिम्मेदारियों के महत्व से अवगत कराते हुए कहा कि युवा पीढ़ी यदि सही मार्ग का चयन करे तो समाज को नशामुक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।
कार्यक्रम के दौरान महिला सब इंस्पेक्टर मोनिका जी ने विशेष रूप से बालिकाओं को गुड टच एवं बैड टच के विषय में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने सुरक्षित एवं असुरक्षित स्पर्श की पहचान, आत्मरक्षा के उपाय, किसी भी अनुचित व्यवहार का साहसपूर्वक विरोध करने तथा ऐसी स्थिति में तुरंत अपने माता-पिता, शिक्षकों अथवा पुलिस को सूचना देने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि जागरूकता ही सुरक्षा का सबसे सशक्त माध्यम है।
संस्था संचालक रणधीर सिंह ने अपने उद्बोधन में कहा कि विद्यालय केवल शिक्षा का केंद्र ही नहीं, बल्कि संस्कार, चरित्र निर्माण और सामाजिक जागरूकता का भी महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने मध्य प्रदेश पुलिस द्वारा चलाए जा रहे इस जनजागरूकता अभियान की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों को सही दिशा प्रदान करने के साथ-साथ उन्हें जिम्मेदार एवं जागरूक नागरिक बनने के लिए प्रेरित करते हैं।
इस अवसर पर संस्था प्रबंधक यशवर्धन सिंह, प्राचार्य शैलेंद्र जोशी, वरिष्ठ समन्वयक पुष्कर पटेल, भोला सेन, दीपक भावसार सहित विद्यालय परिवार उपस्थित रहा।कार्यक्रम का प्रभावी संचालन अरविंद बंसल ने किया। उन्होंने विद्यार्थियों को नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रहने तथा अपने आसपास के लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के अंत में सभी छात्र-छात्राओं को नशामुक्त जीवन अपनाने की शपथ दिलाई गई। विद्यार्थियों ने स्वयं किसी भी प्रकार के नशे से दूर रहने तथा अपने परिवार, मित्रों और समाज को भी नशामुक्त बनाने के लिए जागरूक करने का संकल्प लिया।

