संवाददाता: राकेश भीलाला |
राजगढ़ जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ लोकायुक्त पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम पंचायत लाख्या के पंचायत सचिव दिनेश कुमार को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया। यह कार्रवाई 17 जुलाई को जनपद पंचायत कार्यालय, राजगढ़ के सामने की गई।
लोकायुक्त पुलिस के अनुसार, ग्राम पंचायत लाख्या के सरपंच बीरम सिंह (पिता हरी सिंह) ने शिकायत दर्ज कराई थी कि पंचायत में कराए गए विकास कार्यों के बिलों का भुगतान कराने के एवज में पंचायत सचिव 5 प्रतिशत कमीशन की मांग कर रहा था।
शिकायत में बताया गया कि करीब 3 लाख रुपये के लंबित बिलों के भुगतान के लिए आरोपी ने 15 हजार रुपये रिश्वत मांगी थी। आरोप है कि इसमें से 5 हजार रुपये पहले ही ले लिए गए थे, जबकि शेष 10 हजार रुपये के लिए लगातार दबाव बनाया जा रहा था।
शिकायतकर्ता द्वारा रिश्वत मांगने की बातचीत की रिकॉर्डिंग लोकायुक्त पुलिस को उपलब्ध कराई गई। प्रारंभिक जांच में शिकायत सही पाए जाने पर भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 की धारा 7 के तहत मामला दर्ज किया गया।
इसके बाद लोकायुक्त टीम ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप कार्रवाई करते हुए आरोपी पंचायत सचिव को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल आरोपी से पूछताछ की जा रही है और मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
इस कार्रवाई के बाद जनपद पंचायत कार्यालय एवं जिले के पंचायत विभाग में हड़कंप की स्थिति है।

