आगर मालवा, 24 जून। साइबर अपराधों के प्रति आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा संचालित राज्य स्तरीय साइबर जागरूकता अभियान "SAFE CLICK-2026" का शुभारंभ बुधवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय आगर मालवा में किया गया। कार्यक्रम के दौरान साइबर जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया, जो आगामी 15 दिनों तक जिले के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर नागरिकों को साइबर सुरक्षा संबंधी जानकारी प्रदान करेगा।
कार्यक्रम का शुभारंभ सरस्वती वंदना के साथ हुआ। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक दिलीप कुमार सोनी ने कहा कि वर्तमान समय में साइबर अपराध तेजी से बढ़ रहे हैं और लोग ऑनलाइन ठगी, डिजिटल अरेस्ट, फर्जी निवेश योजनाओं, सोशल मीडिया हैकिंग तथा फर्जी लिंक के माध्यम से धोखाधड़ी का शिकार हो रहे हैं। उन्होंने नागरिकों से सतर्क रहने और सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने की अपील की।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि SAFE CLICK-2026 अभियान का मुख्य उद्देश्य नागरिकों में साइबर स्वच्छता (साइबर हाइजीन) को बढ़ावा देना तथा इंटरनेट और सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग के प्रति जागरूकता विकसित करना है। उन्होंने लोगों से अज्ञात लिंक पर क्लिक न करने, ओटीपी एवं बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करने तथा साइबर धोखाधड़ी की स्थिति में तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर संपर्क करने की सलाह दी।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना द्वारा भोपाल से अभियान के राज्य स्तरीय शुभारंभ का सीधा प्रसारण भी देखा गया। इसके बाद साइबर जागरूकता रथ को रवाना किया गया।
अभियान के तहत अगले 15 दिनों तक जिलेभर में साइबर चौपाल, कार्यशालाएं, जागरूकता रैलियां, शैक्षणिक संस्थानों में संवाद कार्यक्रम, पेम्फलेट वितरण एवं सोशल मीडिया के माध्यम से जन-जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रवींद्र कुमार बोयट, एसडीओपी मोतीलाल कुशवाहा, थाना प्रभारी शशि उपाध्याय, निरीक्षक प्रहलाद सिंह दलोदिया, सूबेदार जगदीश यादव, पत्रकारगण तथा पुलिस अधिकारी-कर्मचारी सहित लगभग 80 प्रतिभागी उपस्थित रहे।
संवादाता संजय डगवाल
