= विश्व नशा मुक्ति दिवस के अवसर पर चमकता जीवन सेवा संस्थान, नशा मुक्ति एवं पुनर्वास केंद्र, भीलवाड़ा में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में एडीजे रश्मि आर्या, डीडीओ सुशील वर्मा एवं डिप्टी चीफ डिफेंस काउंसिल मोहम्मद अली कायमखानी ने भाग लिया। उनके साथ एडवोकेट जतिन दाधीच, आर्यन जैन सहित अन्य सदस्य भी मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान विश्व नशा मुक्ति दिवस पर तैयार जागरूकता पोस्टर का विमोचन किया गया तथा उपस्थित लोगों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई। अतिथियों ने कहा कि नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए जन-जागरूकता और युवाओं की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने नशे के दुष्प्रभावों पर प्रकाश डालते हुए योग, व्यायाम और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया।
संस्था अध्यक्ष चेतन कुमार पारीक ने बताया कि चमकता जीवन सेवा संस्थान पिछले 17 वर्षों से नशा मुक्ति, उपचार, परामर्श एवं पुनर्वास के क्षेत्र में निरंतर सेवाएं दे रहा है और अनेक लोगों को नई जिंदगी प्रदान कर चुका है। काउंसलर शैलेंद्र व्यास ने समय पर परामर्श एवं पारिवारिक सहयोग के महत्व पर प्रकाश डाला, जबकि स्पेशल योगा ट्रेनर युवराज पारीक ने योग को नशामुक्त जीवन का प्रभावी माध्यम बताया।
कार्यक्रम में राजेंद्र कुमार टेलर सहित संस्थान के सदस्य उपस्थित रहे। अंत में संस्था अध्यक्ष चेतन कुमार पारीक ने सभी अतिथियों एवं उपस्थितजनों का आभार व्यक्त किया तथा सभी ने नशामुक्त भारत के निर्माण का संकल्प लिया।
