अहमदाबाद (गुजरात) में आयोजित प्रथम विश्व योगासन चैंपियनशिप-2026 में भीलवाड़ा की प्रतिभाशाली योगासन प्रशिक्षिका आकांक्षा धाकड़ ने नाइजीरिया टीम की कोच के रूप में शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है।
आकांक्षा धाकड़ ने योगासन खेल का प्रशिक्षण राष्ट्रीय योगासन कोच सुरभि शर्मा के मार्गदर्शन में प्राप्त किया है। वर्तमान में वह स्वास्तिक योगा स्टूडियो, भीलवाड़ा से जुड़ी हुई हैं और योगासन के क्षेत्र में लगातार नई उपलब्धियां हासिल कर रही हैं।
युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय तथा आयुष मंत्रालय के सहयोग से आयोजित इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता का शुभारंभ केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने किया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संदेश में योगासन को वैश्विक खेल पहचान दिलाने की दिशा में इस आयोजन को महत्वपूर्ण कदम बताते हुए खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों का उत्साहवर्धन किया।
आकांक्षा धाकड़ के नेतृत्व में नाइजीरिया टीम ने 2 रजत एवं 1 कांस्य पदक जीतकर उल्लेखनीय सफलता प्राप्त की। उनकी इस उपलब्धि से भीलवाड़ा सहित पूरे राजस्थान के योगासन जगत में खुशी का माहौल है।
भीलवाड़ा योगासन स्पोर्ट्स एसोसिएशन ने आकांक्षा धाकड़ को बधाई देते हुए कहा कि जिले की प्रतिभाएं आज विश्व मंच पर अपनी पहचान बना रही हैं। उनकी सफलता युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है और यह साबित करती है कि समर्पण, निरंतर अभ्यास एवं सही मार्गदर्शन से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी उत्कृष्ट उपलब्धियां हासिल की जा सकती हैं।
