जल संरक्षण के लिए जन जागरूकता में मीडिया की महत्वपूर्ण भूमिका पर चर्चा
बारां, 3 जून। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में संचालित वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान के तहत जिले में बुधवार को मीडिया राउंड टेबल कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य जिले में जल संरक्षण एवं संग्रहण के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की जानकारी पत्रकारों के माध्यम से आमजन तक पहुंचाना है।
जिला कलक्टर बालमुकुंद असावा के निर्देशन में कार्यशाला की शुरुआत कोटा रोड स्थित निजी रेस्टोरेंट में मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलन के साथ हुई। दीप प्रज्वलन सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के सहायक निदेशक योगेन्द्र शर्मा एवं वरिष्ठ पत्रकारों द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।
सहायक निदेशक शर्मा ने अभियान की रूपरेखा, उद्देश्यों एवं जिले में चल रही गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह अभियान जन-भागीदारी से जल के सतत संरक्षण की दिशा में राज्य सरकार का ठोस प्रयास है।
जल ग्रहण विकास एवं भू-संरक्षण विभाग के अधीक्षण अभियंता मनोज पूरबगोला ने पीपीटी के माध्यम से बताया कि जिले में अमृत सरोवर, एनीकट, तलाई, मॉडल तालाब, मेड निर्माण तथा चारागाह भूमि पर पौधारोपण जैसे कार्य प्रतिबद्धता से किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि अभियान में ‘जन’ शब्द महत्वपूर्ण है - जल संरक्षण सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
जिला परिषद के एसीईओ ने ग्राम पंचायत स्तर पर संरचनात्मक विकास एवं जनजागरूकता कार्यक्रमों की जानकारी दी। कार्यशाला में पत्रकारों, अधिकारियों ने योजनाओं, चुनौतियों व अनुभव साझा किए। मीडिया द्वारा निगरानी व पारदर्शिता पर प्रश्न पूछे गए, जिनका अधिकारियों ने संतोषजनक उत्तर दिया। अंत में जल संरक्षण की शपथ दिलाई गई। समापन पर मीडिया की भूमिका को जनहित का महाअभियान बताते हुए बल दिया गया कि जल ही जीवन है और इसकी रक्षा हेतु शासन-प्रशासन-समाज को मिलकर कार्य करना होगा।
हेमंत यादव
