पिड़ावा, 13 जून। राज्य सरकार के निर्देशानुसार 12 जून से 15 जुलाई 2026 तक आयोजित किए जा रहे
शहरी सेवा शिविरों के तहत शनिवार को नगर पालिका परिसर में शिविर आयोजित किया गया। शिविर का निरीक्षण उपखंड अधिकारी (एसडीएम) दिनेश कुमार मीणा ने किया तथा विभिन्न विभागों द्वारा किए जा रहे कार्यों की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम मीणा ने नगर पालिका क्षेत्र के कुछ खसरों की भूमि के सीमाज्ञान के लिए विशेष टीम गठित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि शिविर में आने वाले नागरिकों की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजन को राहत मिल सके।
शिविर में कुल 14 विभिन्न प्रकार के आवेदन प्राप्त हुए। इनमें 69-ए के 3, जन्म प्रमाण पत्र के 5, पेंशन के 2, विद्युत शाखा से संबंधित 1,
साफ-सफाई संबंधी 1, पीएम स्वनिधि योजना का 1 तथा प्रधानमंत्री आवास योजना का 1 आवेदन शामिल रहा। इसके अलावा जन्म-मृत्यु पंजीकरण के 3 तथा पेंशन के 2 आवेदनों सहित अन्य प्रकरणों के निस्तारण की प्रक्रिया भी शुरू की गई।
शिविर के दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतों पर आवश्यक कार्रवाई करते हुए कई समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया गया।
विशेष रूप से प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना से संबंधित एक आवेदन का तत्काल निस्तारण कर उसे बैंक को अग्रेषित किया गया।
इस अवसर पर जनप्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी तथा नगर पालिका के कार्मिक मौजूद रहे। प्रशासन ने नगरवासियों से शहरी सेवा शिविरों का अधिक से अधिक लाभ उठाने और अपनी समस्याओं के समाधान के लिए शिविर में पहुंचने की अपील की।
संवाददाता मोहम्मद इस्लाम
