Type Here to Get Search Results !

🔴LIVE TV

प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह विफल: स्वप्निल सिन्हा..........NN81


एमसीबी मनेन्द्रगढ़। जिला कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता और वार्ड क्रमांक 22 के पार्षद स्वप्निल सिन्हा ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर कानून व्यवस्था को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। जारी प्रेस विज्ञप्ति में उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में अपराधों का ग्राफ लगातार बढ़ रहा है और अपराधियों के मन से कानून का भय समाप्त हो चुका है। प्रदेश की कानून व्यवस्था आज अपने सबसे कमजोर दौर से गुजर रही है।

स्वप्निल सिन्हा ने कहा कि हाल ही में सोनहत क्षेत्र में हुए तिहरे हत्याकांड ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया है। इस घटना ने यह साबित कर दिया है कि अपराधी बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं और शासन-प्रशासन उन्हें रोकने में नाकाम साबित हो रहा है।

उन्होंने मनेन्द्रगढ़ के मौहारपारा इलाके में एक युवक पर हुए जानलेवा हमले का उल्लेख करते हुए कहा कि पांच नकाबपोश बदमाशों द्वारा खुलेआम हमला किया जाना स्थानीय कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है। यदि शहर के भीतर ही लोग सुरक्षित नहीं हैं तो आम नागरिकों में भय का वातावरण बनना स्वाभाविक है।

कांग्रेस प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार अपराध नियंत्रण के मोर्चे पर पूरी तरह असफल रही है। हत्या, लूट, मारपीट और अन्य गंभीर अपराधों की घटनाओं में लगातार वृद्धि हो रही है, लेकिन सरकार केवल दावे और घोषणाएं करने में व्यस्त है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता सुरक्षा चाहती है, लेकिन वर्तमान सरकार उन्हें सुरक्षित वातावरण देने में विफल साबित हुई है स्वप्निल सिन्हा ने सरकार से प्रदेश में बिगड़ती कानून व्यवस्था पर तत्काल प्रभावी कदम उठाने, अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने तथा आम जनता में सुरक्षा का भरोसा बहाल करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि कानून का राज स्थापित करना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है और इस जिम्मेदारी से सरकार बच नहीं सकती।


मनीराम सोनी

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Advertisement

#codes