कलेक्टर नम्रता जैन के निर्देशानुसार आकांक्षी जिला नारायणपुर के हाईस्कूल एवं हायर सेकेंडरी स्कूलों में अध्ययनरत कक्षा 9वीं से 12वीं तक के छात्र-छात्राओं के लिए विशेष कैरियर गाइडेंस कार्यक्रम का आयोजन 27 मई से 03 जून 2026 तक ए.जी. सिनेमा हॉल, नारायणपुर में किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को भविष्य की चुनौतियों एवं अवसरों के प्रति जागरूक करते हुए उन्हें सही कैरियर दिशा प्रदान करना था।
कार्यक्रम में जिले के विभिन्न हाईस्कूल एवं हायर सेकेंडरी विद्यालयों से लगभग 250 छात्र-छात्राओं का पंजीयन किया गया। सभी विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह के साथ प्रतिदिन आयोजित सत्रों में सहभागिता करते हुए विशेषज्ञ शिक्षकों एवं प्रशिक्षकों से अपने भविष्य एवं कैरियर निर्माण संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त की।
कैरियर गाइडेंस कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को स्किल डेवलपमेंट, कम्युनिकेशन स्किल्स, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, चैटजीपीटी के उपयोग, जेईई एवं नीट जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी सहित विभिन्न ज्ञानवर्धक विषयों पर विस्तृत मार्गदर्शन दिया गया। विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को बदलते समय के साथ नई तकनीकों और रोजगार के अवसरों के बारे में भी जानकारी दी, जिससे वे अपने लक्ष्य निर्धारित कर सकें।
कार्यक्रम की विशेषता ग्रुप डिस्कशन, मॉक इंटरव्यू एवं व्यक्तिगत काउंसलिंग सत्र रहे। इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों ने अपनी रुचि, क्षमता और योग्यता के अनुरूप कैरियर विकल्पों को समझा। साथ ही उच्च शिक्षा के विभिन्न पाठ्यक्रमों, छात्रवृत्ति योजनाओं, प्रवेश परीक्षाओं एवं आवेदन प्रक्रिया संबंधी उपयोगी जानकारी भी प्राप्त की।
शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने बताया कि इस प्रकार के कार्यक्रम विद्यार्थियों में आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ-साथ उन्हें विद्यालयी शिक्षा के बाद उच्च शिक्षा की ओर प्रेरित करते हैं। इससे जिले में सेकेंडरी से हायर सेकेंडरी स्तर पर विद्यार्थियों की ट्रांजिशन दर में वृद्धि होने की संभावना है तथा युवाओं को बेहतर भविष्य के लिए तैयार किया जा सकेगा।
समापन समारोह में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत नारायणपुर सुश्री आकांक्षा शिक्षा खालखो ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि कैरियर गाइडेंस कार्यक्रम में प्राप्त सुझावों एवं अनुभवों को अपने छात्र जीवन में अपनाकर वे अपने लक्ष्यों को प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को निरंतर अध्ययन, अनुशासन और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी श्री अशोक कुमार पटेल, जिला मिशन समन्वयक समग्र शिक्षा श्री दिनबंधु रावटे, जिला परियोजना अधिकारी साक्षरता श्री महेन्द्र कुमार देहारी, एपीसी समग्र शिक्षा श्री ईश्वर कश्यप, विभिन्न विद्यालयों के प्राचार्यगण, पी.पी.आई.ए. फेलो एवं आकांक्षी विकासखंड फेलो सहित अनेक अधिकारी एवं शिक्षाविद उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के सफल आयोजन से विद्यार्थियों में उच्च शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं एवं रोजगारोन्मुखी कौशलों के प्रति नई जागरूकता और उत्साह देखने को मिला, जिससे उनके उज्ज्वल भविष्य की संभावनाएं और अधिक मजबूत हुई हैं।
संवाददाता खुमेश यादव
