*नरसिंहगढ़ को विकास के नए आयाम देगा नवीन एसडीएम कार्यालय भवन*
नरसिंहगढ़ में नवीन एसडीएम कार्यालय भवन का लोकार्पण जिले के प्रभारी मंत्री एवं सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री मध्यप्रदेश शासन चेतन्य कुमार काश्यप के मुख्य आतिथ्य में सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर सांसद रोडमल नागर, भाजपा जिला अध्यक्ष ज्ञान सिंह गुर्जर, विधायक नरसिंहगढ़ मोहन शर्मा, कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा, पुलिस अधीक्षक अमित तोलानी सहित जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद श्री नागर ने कहा कि नरसिंहगढ़ एक ऐतिहासिक नगरी है और आज यह तीव्र गति से विकास की ओर अग्रसर है। उन्होंने कहा कि विधायक के सतत प्रयासों से क्षेत्र में विकास के नए आयाम स्थापित हो रहे हैं। पहले समृद्धि होने के बावजूद विस्तार की पर्याप्त संभावनाएं नहीं थीं, लेकिन अब नरसिंहगढ़ को विकास के नए पंख मिलने जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि केंद्रीय मंत्री श्री नितिन गडकरी को पत्र लिखकर क्षेत्र को राष्ट्रीय राजमार्ग से जोड़ने का आग्रह किया गया है। उन्होंने कहा कि सरकार विकास के सभी कार्य कर रही है, लेकिन समाज की सहभागिता भी उतनी ही आवश्यक है। प्रत्येक नागरिक को अपने कर्तव्यों का पालन करना चाहिए तथा पर्यावरण संरक्षण, श्रेष्ठ आचरण और सामाजिक मूल्यों को अपनाना चाहिए। उन्होंने किसानों से जैविक खेती को बढ़ावा देने एवं रासायनिक उर्वरकों का संतुलित उपयोग करने की अपील की, ताकि भूमि की उर्वरता बनी रहे तथा भविष्य की पीढ़ियों के लिए स्वस्थ पर्यावरण सुनिश्चित हो सके।
कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने कहा कि नवीन एसडीएम कार्यालय भवन केवल ईंट और सीमेंट का ढांचा नहीं, बल्कि बेहतर एवं सुगम जनसेवा का केंद्र है। इस भवन में सभी आवश्यक शासकीय सेवाएं एक ही छत के नीचे उपलब्ध होंगी, जिससे आम नागरिकों को बड़ी सुविधा मिलेगी। उन्होंने बताया कि भवन में वर्षा जल संचयन (रेन वाटर हार्वेस्टिंग), आधुनिक फर्नीचर तथा लोक सेवा केंद्र सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं उपलब्ध कराई गई हैं। इससे नागरिकों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण सेवाएं प्राप्त होंगी। विधायक नरसिंहगढ़ श्री शर्मा ने प्रभारी मंत्री श्री काश्यप का स्वागत करते हुए कहा कि प्रदेश को ऐसे जनप्रतिनिधि का मार्गदर्शन प्राप्त है, जिन्होंने गरीब एवं मजदूर कल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किए हैं। उन्होंने कार्यक्रम के सफल आयोजन में सहयोग देने वाले मंडल अध्यक्ष एवं सभी कार्यकर्ताओं को बधाई दी।
उन्होंने प्रभारी मंत्री से नरसिंहगढ़ स्थित बड़े महादेव धार्मिक एवं पर्यटन स्थल के जीर्णोद्धार एवं पुनर्निर्माण की मांग रखते हुए कहा कि यह क्षेत्र की आस्था का प्रमुख केंद्र है और इसके संरक्षण एवं विकास की तत्काल आवश्यकता है। साथ ही उन्होंने नरसिंहगढ़ में एक सामुदायिक भवन के निर्माण का भी आग्रह किया।
विधायक नरसिंहगढ़ श्री शर्मा ने किसानों से रासायनिक कीटनाशकों एवं पेस्टीसाइड्स का सीमित उपयोग करने की अपील करते हुए कहा कि भूमि की उर्वरता, पर्यावरण संरक्षण एवं आने वाली पीढ़ियों के हित में प्राकृतिक एवं संतुलित खेती को बढ़ावा देना समय की आवश्यकता है। कार्यक्रम के दौरान प्रभारी मंत्री श्री काश्यप ने नवीन एसडीएम कार्यालय भवन का अवलोकन किया तथा इसे आधुनिक, नागरिक सुविधाओं से युक्त एवं जनसेवा को सशक्त बनाने वाला महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक को बेहतर, पारदर्शी एवं समयबद्ध प्रशासनिक सेवाएं उपलब्ध कराना है। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री श्री काश्यप ने कहा कि किसी भी शासकीय भवन की वास्तविक शोभा उसकी भव्यता से नहीं, बल्कि आमजन को मिलने वाली सेवाओं की गुणवत्ता और समयबद्ध सेवा प्रदायगी से होती है। उन्होंने कहा कि समय सबसे महत्वपूर्ण है तथा प्रत्येक पात्र हितग्राही को योजनाओं का लाभ सही समय पर मिलना चाहिए।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र के जनप्रतिनिधि भी प्रशासनिक कार्यों की सतत निगरानी करते हैं और जनता के हित में कार्य नहीं करने वाले अधिकारियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित कराते हैं। उन्होंने प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने पर विशेष बल देते हुए कहा कि किसानों को इसके लाभों से अवगत कराने के लिए अधिक से अधिक प्राकृतिक खेती विषयक कार्यशालाएं आयोजित की जानी चाहिए।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्राकृतिक खेती, स्वच्छता अभियान, जल संवर्धन तथा एमएसएमई उद्योग वर्ष जैसे दूरदर्शी अभियान प्रदेश एवं देश के समग्र विकास की मजबूत आधारशिला हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार नए औद्योगिक क्षेत्रों के विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है तथा नए उद्योगों की स्थापना को प्रोत्साहित करने के लिए विभिन्न प्रकार की सब्सिडी एवं हैंडहोल्डिंग सहायता प्रदान की जा रही है।
उन्होंने कहा कि किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए फसली ऋण की अवधि छह माह के स्थान पर एक वर्ष किए जाने का व्यावहारिक निर्णय लिया गया है, जिससे खरीफ और रबी दोनों मौसमों में किसानों को राहत मिलेगी। उन्होंने बताया कि वर्ष 2026 को किसान वर्ष के रूप में मनाने का संकल्प लिया गया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव कृषि के साथ-साथ कृषि प्रसंस्करण एवं उद्योगों के समन्वित विकास पर विशेष बल दे रहे हैं, ताकि किसानों की आय बढ़ने के साथ-साथ स्थानीय स्तर पर अधिक से अधिक रोजगार के अवसर भी सृजित हो सकें।प्रभारी मंत्री श्री काश्यप ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का राजगढ़ जिले से विशेष आत्मीय जुड़ाव है तथा वे जिले को विकास के नए आयामों तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं। उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में मध्यप्रदेश को देश का अग्रणी राज्य बनाने के लिए सरकार सतत कार्य कर रही है।
जमील मंसूरी
