= अग्निवीर योजना में चयनित होने के बाद प्रथम बार भीलवाड़ा आगमन पर लोकेंद्र सिंह एवं जोगेंद्र सिंह (पुत्र भगवान सिंह) का पांसल रोड स्थित बालाजी मंदिर में भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। समारोह धार्मिक एवं राष्ट्रभक्ति के माहौल में आयोजित हुआ।
कार्यक्रम में महामंडलेश्वर बाबू गिरी जी महाराज, हाथी भाटा आश्रम के महंत संत दास जी महाराज, पंचमुखी दरबार रीको के पुजारी मुरारी पांडे एवं गोवत्स लाल जी महाराज के सानिध्य में दोनों अग्निवीरों का सम्मान किया गया।
मुख्य अतिथि भीलवाड़ा विधायक अशोक कुमार कोठारी ने अग्निवीरों का अभिनंदन करते हुए कहा कि देश की रक्षा का अवसर प्रत्येक युवा के लिए गर्व और सम्मान का विषय है। उन्होंने दोनों युवाओं से आह्वान किया कि वे मां भारती की सेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पूर्ण निष्ठा, अनुशासन और समर्पण के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें तथा देश का नाम गौरवान्वित करें।
इस अवसर पर उपस्थित संत-महात्माओं एवं गणमान्य नागरिकों ने दोनों अग्निवीरों के उज्ज्वल भविष्य, सफल प्रशिक्षण एवं सुरक्षित सैन्य जीवन की कामना करते हुए शुभाशीष प्रदान किया।
समारोह में सेवानिवृत्त सेना अधिकारी विश्वनाथ प्रताप सिंह, बाबूलाल टाक, पृथ्वीराज सिंह, महेंद्र प्रजापत, राजेंद्र शर्मा सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।
