जावद। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री के एक गरीब परिवार की झोपड़ी में भोजन करने के कार्यक्रम को लेकर जावद क्षेत्र के कांग्रेस नेता पंकज तिवारी ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह कार्यक्रम केवल फोटो खिंचवाने तक सीमित रहा और गरीब की वास्तविक समस्या पर कोई ध्यान नहीं दिया गया।
पंकज तिवारी ने कहा कि यदि मुख्यमंत्री वास्तव में गरीबों के प्रति संवेदनशील होते, तो झोपड़ी की स्थिति देखकर तत्काल जिला कलेक्टर और संबंधित अधिकारियों को निर्देश देते कि संबंधित परिवार को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ अब तक क्यों नहीं मिला। उन्होंने आरोप लगाया कि मौके पर ऐसे कोई निर्देश नहीं दिए गए और भोजन के बाद कार्यक्रम समाप्त कर दिया गया।
कांग्रेस नेता ने कहा कि सरकार गरीबों के हितैषी होने का दावा करती है, लेकिन जमीनी स्तर पर कई पात्र परिवार अब भी आवास जैसी मूलभूत सुविधाओं से वंचित हैं। उन्होंने मांग की कि संबंधित परिवार की पात्रता की जांच कर उसे जल्द से जल्द आवास योजना का लाभ दिया जाए तथा ऐसे सभी वंचित परिवारों का सर्वे कर उन्हें भी योजना में शामिल किया जाए।
नोट: यह आरोप कांग्रेस नेता पंकज तिवारी द्वारा लगाए गए हैं। इस संबंध में सरकार या प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया प्राप्त नहीं हुई है। सिंगोली से ख्वाजा हुसैन मेवाती की रिपोर्ट
