उत्तर प्रदेश कौशाम्बी जिले के मंझनपुर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम माखूपुर में तालाब में डूबने से दो मासूम बच्चियों की दर्दनाक मौत से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। इस हृदय विदारक घटना की सूचना मिलते ही नगर पालिका परिषद मंझनपुर के अध्यक्ष बीरेंद्र सरोज "फौजी" तत्काल पीड़ित परिवारों के घर पहुंचे और गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए परिजनों को ढांढस बंधाया।हादसे में राकेश सरोज की 13 वर्षीय पुत्री रागिनी तथा राजेश सरोज की 12 वर्षीय पुत्री रंजना की असामयिक मृत्यु हो गई। मासूम बच्चियों के निधन से परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। इस कठिन घड़ी में बीरेंद्र सरोज "फौजी" ने परिजनों से मुलाकात कर दुख साझा किया और हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
नगर पालिका अध्यक्ष ने दोनों परिवारों को अपनी ओर से आर्थिक सहायता प्रदान की तथा संबंधित अधिकारियों से वार्ता कर सरकारी आर्थिक मदद दिलाने का भी आश्वासन दिलाया। उन्होंने कहा कि इस अपूरणीय क्षति की भरपाई तो संभव नहीं है, लेकिन प्रशासन और समाज को मिलकर पीड़ित परिवारों के साथ खड़ा होना चाहिए।
बीरेंद्र सरोज "फौजी" के इस संवेदनशील और मानवीय पहल की क्षेत्र में सराहना हो रही है। ग्रामीणों का कहना है कि दुख की इस घड़ी में उनका परिवारों के बीच पहुंचना और तत्काल मदद करना समाज के प्रति उनकी जिम्मेदारी और जनसेवा की भावना को दर्शाता है।
माखूपुर की इस दर्दनाक घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। सभी ग्राम वासियों की आंखे नम है, और लोग दिवंगत बच्चियों की आत्मा की शांति तथा शोक संतप्त परिवारों को इस असहनीय दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना कर रहे हैं।
दिलीप कुमार
