खैरथल, 25 जून। अंतर्राष्ट्रीय नशामुक्ति दिवस के अवसर पर 'नशा मुक्त भारत अभियान' के तहत जिले में 17 जून से 26 जून 2026 तक विभिन्न विभागों एवं हितधारकों के सहयोग से नशा उन्मूलन और जन-जागरूकता संबंधी कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
इसी क्रम में 26 जून 2026 को प्रातः 11:00 बजे राजकीय अंबेडकर बालक छात्रावास, हरसौली रोड, खैरथल में जिला स्तरीय कार्यशाला एवं संगोष्ठी का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जनमानस को जागरूक करना तथा विशेष रूप से युवाओं को नशे से दूर रहकर स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करना है।
जिला परिवीक्षा एवं समाज कल्याण अधिकारी गजराज यादव ने बताया कि कार्यशाला में प्रशासन, नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो, पुलिस, शिक्षा विभाग, खेल एवं युवा कार्यक्रम विभाग, उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग, राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं हितधारक भाग लेंगे। इसके अलावा कोचिंग संस्थान, अनुदानित संस्थान, एनएसएस, एनसीसी तथा विभिन्न आध्यात्मिक संगठनों के प्रतिनिधि भी कार्यक्रम में सहभागिता करेंगे।
संवाददाता देवराज मीणा
