जिले के बनेड़ा थाना क्षेत्र में थाना प्रभारी के कथित अभद्र व्यवहार का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक सागर राणा ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बनेड़ा थाना प्रभारी बच्छराज चौधरी को लाइन हाजिर कर दिया है तथा मामले की जांच के आदेश दिए हैं।
जानकारी के अनुसार, बबराणा गांव में खेत और रास्ते के विवाद को लेकर दो पक्षों को समझाइश के लिए बनेड़ा थाने बुलाया गया था। इसी दौरान थाना प्रभारी और एक पक्ष के बीच हुई बातचीत का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो में थाना प्रभारी पर फरियादी के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग करने और धमकाने के आरोप लगाए जा रहे हैं। हालांकि वायरल वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
मामला सामने आने के बाद एसपी सागर राणा ने तत्काल संज्ञान लेते हुए थाना प्रभारी को लाइन हाजिर कर दिया और पूरे प्रकरण की जांच त्वरित अनुसंधान सैल के एएसपी हेमंत कुमार को सौंप दी। एसपी राणा ने स्पष्ट कहा कि आमजन के साथ किसी भी प्रकार का अनुचित व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषी पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, थाना प्रभारी बच्छराज चौधरी ने अपनी सफाई में कहा कि दोनों पक्षों के बीच शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए समझाइश की जा रही थी। उनका कहना है कि वायरल वीडियो को एडिट कर प्रस्तुत किया गया है और किसी को अपशब्द कहने या ठेस पहुंचाने की उनकी मंशा नहीं थी।
फिलहाल पूरे मामले की विभागीय जांच जारी है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
