= पंचायत समिति बनेड़ा की ग्राम पंचायत उपरेड़ा में आयोजित "ग्रामीण सेवा शिविर-2026" में एक वृद्ध महिला की लंबे समय से बंद पड़ी वृद्धावस्था पेंशन का मौके पर ही समाधान कर राहत प्रदान की गई।
ग्राम पंचायत उपरेड़ा में आयोजित शिविर के दौरान उपरेड़ा निवासी श्रीमती घीसी देवी पत्नी श्री बद्रीलाल के पुत्र ने शिविर प्रभारी को अवगत कराया कि उनकी माता की वृद्धावस्था पेंशन कई महीनों से बंद है, जिसके कारण उन्हें आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
शिविर प्रभारी एवं विकास अधिकारी श्री गणेश नारायण शर्मा ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के प्रतिनिधि को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। विभागीय प्रतिनिधि द्वारा मौके पर ही आवश्यक दस्तावेजों का परीक्षण कर ई-मित्र के माध्यम से जनआधार में मोबाइल नंबर अपडेट करवाया गया तथा पेंशन सत्यापन की प्रक्रिया पूर्ण करवाई गई।
आवश्यक प्रक्रिया पूरी होने के बाद श्रीमती घीसी देवी की रुकी हुई वृद्धावस्था पेंशन पुनः प्रारंभ होने का मार्ग प्रशस्त हुआ। त्वरित समाधान मिलने पर परिवार ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए राज्य सरकार, जिला प्रशासन एवं शिविर में उपस्थित अधिकारियों का आभार जताया।
शिविर में उपखंड अधिकारी बाबूलाल, तहसीलदार संतोष सुनारीवाल, शिविर प्रभारी विकास अधिकारी गणेश नारायण शर्मा, प्रशासक ईश्वर सिंह कानावत एवं अन्य जनप्रतिनिधिगण व समस्त विभागों के ब्लॉक स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
