= राज्य सरकार द्वारा आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से आयोजित जन कल्याण शिविरों के अंतर्गत पंचायत समिति बनेड़ा की ग्राम पंचायत उपरेड़ा में आयोजित "ग्रामीण सेवा शिविर-2026" ग्रामीणों के लिए राहत एवं समाधान का प्रभावी मंच साबित हुआ। शिविर में राजस्व एवं पंचायतीराज विभाग द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए लंबित मामलों का मौके पर ही निस्तारण किया गया।
शिविर के दौरान ग्राम उपरेड़ा के सहखातेदार आनंद कंवर पत्नी ओमन्द्र सिंह राजपूत, गंगा देवी पत्नी जगदीश चन्द्र रावणा राजपूत एवं लालाराम पुत्र बजरंग रावणा राजपूत द्वारा आपसी सहमति से खातों के विभाजन हेतु प्रस्ताव प्रस्तुत किए गए। राजस्व विभाग की टीम ने तत्परता दिखाते हुए आवश्यक प्रक्रिया पूर्ण की तथा शिविर स्थल पर ही खातों का विभाजन कर दिया। इससे संबंधित परिवारों को लंबे समय से लंबित राजस्व विवाद से राहत मिली।
खातों का विभाजन होने पर लाभार्थियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए जिला प्रशासन, राज्य सरकार एवं शिविर प्रभारी का आभार व्यक्त किया।
इसी प्रकार ग्राम उपरेड़ा निवासी प्रेमचन्द्र बैरवा पुत्र मिट्ठूलाल ने अपने पुश्तैनी आवासीय मकान के पट्टे के लिए शिविर में आवेदन प्रस्तुत किया। मामले की जांच एवं आवश्यक औपचारिकताएं पूर्ण करने के उपरांत पंचायती राज विभाग द्वारा नियम 157(1) के तहत आबादी भूमि का विक्रय विलेख तैयार किया गया तथा शिविर में ही आवासीय पट्टा जारी कर दिया गया।
मौके पर पट्टा प्राप्त होने से प्रेमचन्द्र बैरवा को बड़ी राहत मिली। उन्होंने खुशी व्यक्त करते हुए राज्य सरकार, जिला प्रशासन एवं शिविर में उपस्थित अधिकारियों का धन्यवाद ज्ञापित किया।
