विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर शुक्रवार को जनपद में "एक पेड़ माँ के नाम" अभियान के तहत पुलिस ने पर्यावरण संरक्षण का प्रेरणादायक संदेश दिया। पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में पुलिस लाइन परिसर में भव्य वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें अधिकारियों, कर्मचारियों तथा पुलिस परिवार के बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह ने पौधारोपण करते हुए कहा कि वृक्ष मानव जीवन की अमूल्य धरोहर हैं। पर्यावरण संतुलन बनाए रखने, प्रदूषण कम करने तथा आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण देने के लिए प्रत्येक नागरिक को पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का संकल्प लेना चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) , अपर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) , क्षेत्राधिकारी टाण्डा/पुलिस लाइन , प्रतिसार निरीक्षक सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
विशेष बात यह रही कि पुलिस परिवार के बच्चों ने भी बढ़-चढ़कर वृक्षारोपण किया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम में "प्रकृति को प्रणाम, माँ को सम्मान" तथा "एक पेड़ माँ के नाम" के नारों के साथ लोगों को हरियाली बढ़ाने और पृथ्वी को सुरक्षित रखने का संदेश दिया गया।
अम्बेडकरनगर पुलिस का यह अभियान केवल पौधारोपण तक सीमित नहीं रहा, बल्कि समाज को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने का एक सशक्त प्रयास भी साबित हुआ। अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि वे अपनी माँ के सम्मान में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाएं और उसके संरक्षण की जिम्मेदारी भी निभाएं।
राजेंद्र प्रताप सिंह
