कलगांव में आकाशीय बिजली गिरने से तीन ग्रामीणों की मौत, पांच का उपचार जारी
जिले के अंतागढ़ विकासखण्ड के ग्राम कलगांव में आज सुबह आकाशीय बिजली गिरने से तीन मनरेगा श्रमिकों की मृत्यु हो गई तथा पांच अन्य घायल हो गए, जिनका उपचार जारी है। घायलोें को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अंतागढ़ में भर्ती कराकर उपचार किया जा रहा है तथा इनमें से एक घायल महिला को बेहतर उपचार के जिला अस्पताल कांकेर में रेफर किया गया है। कलेक्टर श्री निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर ने उक्त प्राकृतिक आपदा से हुई जनहानि पर शोक संवेदना व्यक्त करते हुए जिला प्रशासन द्वारा घायलों का सतत् व बेहतर उपचार करने के निर्देश मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को दिए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आज सुबह लगभग पौने सात बजे अंतागढ़ ब्लॉक के ग्राम कलगांव में मनरेगा श्रमिक रोज की तरह तालाब गहरीकरण कार्य में जुटे थे। इसी बीच अचानक मौसम बदला और तेज बिजली के साथ गर्जना शुरू हो गई। इससे बचने के लिए श्रमिकों ने पास ही एक पेड़ के नीचे सहारा लिया था, इसी बीच बादल की तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली पेड़ पर गिरी। इससे तीन ग्रामीणों की झुलसने से मौके पर ही मृत्यु हो गई, जबकि पांच अन्य घायल हो गए। बताया गया कि सभी पांच घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अंतागढ़ ले जाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। घायलों में श्रीमती राजबती गावड़े (50 वर्ष), शारदा पटेल (36 वर्ष), संगीता यादव (35 वर्ष), रामेश्वरी दर्रो (40 वर्ष) और तुलसी पटेल (40 वर्ष) शामिल हैं, जबकि मृत श्रमिकों में श्री प्रकाश पटेल (50 वर्ष), श्री मनराज पटेल (32 वर्ष) और श्री संतोष पटेल (46 वर्ष) सभी निवासी ग्राम कलगांव सम्मिलित थे। इनमें से एक घायल श्रीमती राजबती गावड़े को बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल कांकेर रेफर किया गया है, जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। कलेक्टर श्री क्षीरसागर ने प्राकृतिक आपदा में मृत ग्रामीणों के प्रति गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है तथा जिला प्रशासन द्वारा हर संभव मदद करने की बात कही है। साथ ही घायल श्रमिकों के बेहतर इलाज के लिए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आर.सी. ठाकुर को निर्देशित किया है।
हेमन्त उसेन्डी
