Type Here to Get Search Results !

🔴LIVE TV

विश्व पर्यावरण दिवस पर जनपद में हुआ व्यापक वृक्षारोपण*..........NN81



*जनपद के 8.04 लाख पौधरोपण लक्ष्य की पूर्ति हेतु अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं आमजन ने बढ़-चढ़कर लिया भाग*


जनपद हमीरपुर में विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर शुक्रवार को जनपद हमीरपुर में "एक पेड़ माँ के नाम" तथा हरित उत्तर प्रदेश अभियान के अंतर्गत व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। जनपद के लिए निर्धारित 8 लाख 04 हजार पौधरोपण लक्ष्य की प्राप्ति हेतु प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, विभिन्न विभागों, स्वयंसेवी संस्थाओं तथा आमजन द्वारा नगर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर पौधरोपण किया गया।


जिलाधिकारी श्री अभिषेक गोयल ने कलेक्ट्रेट परिसर में पौधरोपण कर अभियान का शुभारंभ किया। पुलिस अधीक्षक श्री मृगांक शेखर पाठक ने पुलिस लाइन परेड ग्राउंड में वृक्षारोपण किया, जबकि जनपद न्यायाधीश श्री मनोज कुमार राय ने जजेज कॉलोनी परिसर में पौधे रोपकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।


मुख्य विकास अधिकारी श्री अरुण कुमार सिंह एवं ब्लॉक प्रमुख सुमेरपुर श्री जय नारायण ने विकास खंड क्षेत्र की ग्राम पंचायत कलौलीतीर स्थित अमृत सरोवर बैठका धाम परिसर में वृक्षारोपण किया। भाजपा जिलाध्यक्ष श्रीमती शकुंतला निषाद एवं नगर पालिका परिषद हमीरपुर के अध्यक्ष श्री कुलदीप निषाद ने राजाराम इंटर कॉलेज, झलौखर में आयोजित पौधरोपण कार्यक्रम में सहभागिता की।


इसके अतिरिक्त जनपद की समस्त तहसीलों, विकास खंडों, नगर पालिकाओं, नगर पंचायतों एवं ग्राम पंचायतों में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किए गए। पार्कों, अमृत सरोवरों, तालाबों, सड़कों, एक्सप्रेस-वे, नदियों एवं नहरों के किनारों, विद्यालय परिसरों तथा विभिन्न सरकारी एवं गैर-सरकारी संस्थानों में भी बड़ी संख्या में पौधे लगाए गए। वन विभाग द्वारा भी अपने परिसरों एवं चिन्हित स्थलों पर फलदार, छायादार तथा पर्यावरणीय दृष्टि से उपयोगी प्रजातियों का रोपण कराया गया।


इस अवसर पर जिलाधिकारी श्री अभिषेक गोयल ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। वृक्ष न केवल हमें शुद्ध वायु प्रदान करते हैं, बल्कि जल संरक्षण, जैव विविधता के संवर्धन तथा जलवायु संतुलन बनाए रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने जनपदवासियों से आह्वान किया कि वे केवल पौधरोपण तक सीमित न रहें, बल्कि लगाए गए पौधों के संरक्षण एवं संवर्धन का भी संकल्प लें। उन्होंने कहा कि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ, सुरक्षित एवं हरित पर्यावरण उपलब्ध कराने के लिए वृक्षारोपण को जन आंदोलन का स्वरूप देना आवश्यक है।


विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर आयोजित इस अभियान में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों, पत्रकारों, समाजसेवियों, छात्र-छात्राओं तथा आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Advertisement

#codes