खेल मैदान व नर्सरी गुणवत्तापूर्ण रूप से विकसित करने के जिला कलेक्टर ने दिए निर्देश
जिला कलक्टर श्री जसमीत सिंह संधू ने मंगलवार को जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में चल रहे विकास कार्यों का जायजा लेने के लिए ग्राम पंचायत चांद जी खेड़ी एवं ग्राम पंचायत मकरेडी का सघन दौरा किया।
इस दौरान जिला कलक्टर श्री संधू ने सर्वप्रथम ग्राम पंचायत चांद जी खेड़ी में विकसित की जा रही मियावाकी वाटिका एवं फल वाटिका का निरीक्षण किया। उन्होंने वाटिका में लगाए गए विभिन्न प्रजातियों के पौधों की वृद्धि, ड्रिप सिंचाई प्रणाली, फेंसिंग तथा रखरखाव की स्थिति का अवलोकन किया। जिला कलेक्टर श्री संधू ने विकास अधिकारी एवं ग्राम विकास अधिकारी को निर्देश दिए कि मियावाकी पद्धति से लगाए गए पौधों की नियमित निगरानी की जाए तथा फल वाटिका को ग्रामीणों के लिए आय का मॉडल बनाने हेतु फलदार पौधों का समय पर संधारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि हरियाली बढ़ाने के साथ-साथ ये वाटिकाएं पर्यावरण संरक्षण का सशक्त माध्यम बनेंगी।
इसके पश्चात जिला कलेक्टर श्री संधू ग्राम पंचायत मकरेडी के ग्राम आट पहुंचे, जहां उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्र का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने नामांकित बच्चों की उपस्थिति, पोषाहार वितरण पंजिका, बच्चों का वजन एवं पोषण स्तर, टीकाकरण रिकॉर्ड तथा केंद्र की साफ-सफाई का गहनता से जायजा लिया। जिला कलेक्टर श्री संधू ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका को निर्देशित किया कि कुपोषण मुक्त ग्राम की अवधारणा को साकार करने के लिए प्रत्येक बच्चे के पोषण पर व्यक्तिगत ध्यान दिया जाए तथा अभिभावकों को पोषण जागरूकता के लिए नियमित रूप से जोड़ा जाए। इसी क्रम में जिला कलेक्टर ने ग्राम आट के राजकीय विद्यालय परिसर का भी अवलोकन किया। विद्यालय के खेल मैदान की स्थिति देखने के बाद उन्होंने मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि मैदान को विकसित किया जाए तथा परिसर में ही पौधारोपण को बढ़ावा देने के लिए एक स्थायी नर्सरी तैयार की जाए। उन्होंने समस्त अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्यों को गुणवत्ता के साथ समयबद्ध रूप से पूर्ण करें।
