Type Here to Get Search Results !

🔴LIVE TV

मंत्री पंवार ने पर्यावरण संरक्षण में योगदान देने वाली बहनों का किया सम्मान : NN81

 


मंत्री पंवार ने पर्यावरण संरक्षण में योगदान देने वाली बहनों का किया सम्मान : 

ब्यावरा।  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय एवं प्रेरणादायी रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 135वें संस्करण कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने देशभर में समाजहित एवं नवाचार से जुड़े विभिन्न प्रेरणादायी प्रयासों का उल्लेख किया। अपने संबोधन में उन्होंने ब्यावरा विधानसभा क्षेत्र की उन बहनों की विशेष सराहना की, जो प्लास्टिक कचरे का पुनर्चक्रण (रीसाइक्लिंग) कर इको-ब्रिक्स तैयार कर रही हैं। प्रधानमंत्री जी ने इस पहल को पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता का उत्कृष्ट उदाहरण बताया।

प्रधानमंत्री द्वारा क्षेत्र की बहनों के कार्यों का उल्लेख किए जाने पर मंत्री श्री नारायण सिंह पंवार ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह पूरे राजगढ़ जिले एवं ब्यावरा विधानसभा क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि स्थानीय स्तर पर किया जा रहा यह नवाचार न केवल प्लास्टिक प्रदूषण को कम करने में सहायक है, बल्कि महिलाओं के द्वारा स्वच्छता के लक्ष्यों को आगे बढ़ाने का भी महत्वपूर्ण माध्यम बन रहा है।

कार्यक्रम के उपरांत मंत्री पंवार ने प्रधानमंत्री जी द्वारा सराहना प्राप्त करने वाली बहनों का सम्मान कर उन्हें शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में ‘स्वच्छ भारत अभियान’, ‘महिला सशक्तिकरण’ और ‘पर्यावरण संरक्षण’ जैसे विषय जनआंदोलन का स्वरूप ले चुके हैं। आज देश के कोने-कोने में नागरिक समाज के सहयोग से अनेक सकारात्मक परिवर्तन देखने को मिल रहे हैं।

मंत्री पंवार ने कहा कि प्रधानमंत्री जी का ‘मन की बात’ कार्यक्रम समाज के उन अनाम नायकों को पहचान दिलाने का सशक्त माध्यम बना है, जो अपने नवाचार, सेवा और समर्पण से राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं। उन्होंने क्षेत्रवासियों से पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छता से जुड़े ऐसे प्रयासों को बढ़ावा देने का आह्वान किया।

प्रदेश के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) नारायण सिंह पंवार ने ब्यावरा नगर के बूथ क्रमांक-84 पर बूथ अध्यक्ष त्रिलोक शर्मा के निवास पर मंडल अध्यक्ष राजू यादव और भाजपा कार्यकर्ताओं व नागरिकों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय एवं प्रेरणादायी रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 135वें संस्करण का श्रवण किया।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Advertisement

#codes