पिड़ावा। शहर में सोमवार दोपहर तेज हवाओं और बारिश के बीच एक दर्दनाक हादसे में युवक की मौत हो गई।
सुल्तानपुरा मोहल्ले में निर्माणाधीन मकान की दीवार गिरने से फ़ज़लुद्दीन गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनकी उपचार के दौरान मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार सुल्तानपुरा निवासी फ़ज़लुद्दीन बारिश और तेज हवाओं के दौरान अपने निर्माणाधीन मकान की स्थिति का जायजा लेने पहुंचे थे।
इसी दौरान अचानक मकान की पक्की दीवार भरभराकर गिर गई। दीवार का भारी हिस्सा और पट्टी सीधे उनके सिर पर आ गिरी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद परिजन एवं आसपास के लोगों ने तत्काल उन्हें उप जिला अस्पताल पिड़ावा पहुंचाया। चिकित्सकों ने उनका उपचार शुरू किया, लेकिन सिर में गंभीर चोट लगने के कारण उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।
घटना की सूचना मिलते ही अस्पताल परिसर में लोगों की भीड़ जमा हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई। वहीं सोमवार को हुई तेज बारिश और आंधी के कारण शहर के कई इलाकों में भी नुकसान होने की खबरें सामने आई हैं।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से बारिश के मौसम में निर्माणाधीन एवं जर्जर भवनों की सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
संवाददाता मोहम्मद इस्लाम
