आज प्रभु श्रीराम के नाम पर श्रद्धालुओं द्वारा दान किए गए धन और चढ़ावे में लूट के आरोपों तथा राम भक्तों की आस्था के साथ हो रहे खिलवाड़ के विरोध में आम आदमी पार्टी उत्तर प्रदेश के प्रभारी संजय सिंह के आवाहन पर प्रदेश भर के जिला मुख्यालयों और प्रमुख चौराहों पर विरोध प्रदर्शन एवं भिक्षाटन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान सोमवार को पार्टी कार्यकर्ताओं ने ताली थाली बजाकर विरोध प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने "चंदा चोरों गद्दी छोड़ो", "राम भक्तों का अपमान नहीं सहेगा हिन्दुस्तान" और "श्रीराम के नाम पर भ्रष्टाचार बंद करों" जैसे नारे लगाए तथा दान और चढ़ावे में हुई लूट की निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की।
इस दौरान जिलाध्यक्ष सन्तोषी लाल शुक्ला ने कहा कि प्रभु श्रीराम तपोस्थली चित्रकूट में 12 वर्षों तक रहे हैं हम सभी की आस्था और मर्यादा के सर्वोच्च प्रतीक हैं। उनके भव्य मंदिर निर्माण के नाम पर देश-विदेश के करोड़ों श्रद्धालुओं ने अपनी गाढ़ी कमाई समर्पित की थी।
जिला उपाध्यक्ष बसंत पटेल ने कहा कि आम आदमी पार्टी के यूपी प्रभारी व राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने हाल ही में राम मंदिर में चंदा चोरी और तीर्थ क्षेत्र के आसपास की जमीन की खरीद फरोख्त में हुए अब तक के सबसे बड़े भ्रष्टाचार को लेकर कई सनसनीखेज खुलासे सबूतों के साथ किए थे लेकिन अभी तक अपराधी खुलेआम घूम रहे हैं।
इस मौके पर जिलाध्यक्ष महिला विंग श्रीमती सन्नो देवी मौर्या, ज्योति वर्मा जिला सचिव महिला विंग, जुबैदा बेगम, अनुरुद्ध सिंह यादव विधानसभा अध्यक्ष, लवलेश केसरवानी जिला सचिव, श्यामबाबू त्रिपाठी जिला कोषाध्यक्ष, विमल किशोर केसरवानी जिला उपाध्यक्ष, प्रमोद कुमार सोनी जिला उपाध्यक्ष, राजबहादुर साहू जिला सचिव, डॉ राकेश सिंह पटेल जिला सचिव, जितेन्द्र गोयल जिला महासचिव, नन्द किशोर फौजी जिला सचिव, दुर्गा प्रसाद केसरवानी, रणजीत सिंह आदि उपस्थित रहे।
