1189 बूथों और 29 ट्रांजिट टीमों के माध्यम से चलेगा पल्स पोलियो अभियान
-----
कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रहे - कलेक्टर विकास मिश्रा
-------
कलेक्टर विकास मिश्रा की अध्यक्षता में जिला टास्क फोर्स समिति की बैठक आयोजित कर आगामी 28 जून से प्रारंभ होने वाले तीन दिवसीय पल्स पोलियो अभियान की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। कलेक्टर ने सभी विभागों को समन्वित रूप से कार्य करते हुए यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि जिले का पांच वर्ष तक का कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रहे।
बैठक में कलेक्टर ने कहा कि भारत पोलियो मुक्त देश है, लेकिन इस उपलब्धि को बनाए रखने के लिए प्रत्येक पात्र बच्चे तक पोलियो की दो बूंद पहुंचाना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, शिक्षा, पंचायत एवं नगरीय निकाय विभागों को आपसी समन्वय के साथ अभियान को जनआंदोलन का स्वरूप देने के निर्देश दिए। साथ ही व्यापक जनजागरूकता गतिविधियां संचालित कर अभिभावकों को बच्चों को पोलियो बूथ तक लाने के लिए प्रेरित करने पर भी जोर दिया।
कलेक्टर विकास मिश्रा ने निर्देश दिए कि सभी बूथों पर पर्याप्त मात्रा में वैक्सीन, प्रशिक्षित स्वास्थ्य कर्मी एवं आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित रहें। अभियान की नियमित मॉनिटरिंग की जाए तथा किसी भी प्रकार की कमी या समस्या का तत्काल निराकरण किया जाए। उन्होंने कहा कि पोलियो उन्मूलन की उपलब्धि को बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है और इसमें प्रत्येक नागरिक की सहभागिता आवश्यक है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ अशोक कुमार खरे ने जानकारी देते हुए बताया कि जिले में इस बार 1 लाख 92 हजार बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। अभियान तीन दिनों तक संचालित होगा। पहले दिन 28 जून को जिलेभर में 1,189 पोलियो बूथों पर बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी। इसके अतिरिक्त बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन एवं अन्य प्रमुख आवागमन स्थलों पर 29 ट्रांजिट टीमें तैनात रहेंगी, ताकि यात्रा के दौरान भी कोई बच्चा खुराक से वंचित न रहे।
उन्होंने बताया कि अभियान के दूसरे एवं तीसरे दिन स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर ऐसे बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाएंगी, जो पहले दिन किसी कारणवश बूथों तक नहीं पहुंच पाएंगे। इसके लिए विस्तृत माइक्रोप्लान तैयार किया गया है तथा प्रत्येक टीम को आवश्यक संसाधन एवं जिम्मेदारियां सौंप दी गई हैं।
जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग ने अभिभावकों से अपील की है कि वे 28 जून, रविवार को अपने पांच वर्ष तक के सभी बच्चों को निकटतम पोलियो बूथ पर ले जाकर पोलियो की दो बूंद अवश्य पिलाएं। यदि किसी कारणवश बच्चा बूथ तक नहीं पहुंच पाता है तो घर आने वाली स्वास्थ्य टीम को सहयोग करें। ‘‘दो बूंद हर बार, पोलियो पर जीत रहे बरकरार’’ के संदेश के साथ सभी नागरिकों से अभियान को सफल बनाने की अपील की गई है।
बैठक में अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत धनंजय मिश्रा, जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास प्रवेश मिश्रा, जिला शिक्षा अधिकारी पी.के. सिंह., जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. नागेन्द्र बिहारी दुबे सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
सीधी से संवाददाता -गिरीश शुक्ला की रिपोर्ट
