नरसिंहपुर साईंखेड़ा, नगर की विद्युत व्यवस्था को सुदृढ़ एवं सुरक्षित बनाने की दिशा में प्रदेश के कैबिनेट मंत्री उदय प्रताप सिंह की पहल पर महत्वपूर्ण विकास कार्यों का शुभारंभ किया गया है। ,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,नगर के वार्ड क्रमांक 1, 5, 8 एवं 15 में विद्युत आपूर्ति को बेहतर बनाने के लिए 4 नए डीपी ट्रांसफार्मर स्थापित किए गए हैं। साथ ही विद्युत केबल सुधारीकरण के लिए स्वीकृत 10 लाख रुपये की राशि से कार्य प्रारंभ कर दिया गया है।रविवार को खिरका मोहल्ला में नई हैवी विद्युत केबल लाइन बिछाने के कार्य का शुभारंभ किया गया। क्षेत्र के नागरिक लंबे समय से जर्जर विद्युत तारों की समस्या से परेशान थे। बार-बार तार टूटने से न केवल बिजली आपूर्ति प्रभावित होती थी, बल्कि दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी रहती थी। इस समस्या को लेकर नागरिकों द्वारा नगर परिषद एवं विद्युत विभाग को लगातार अवगत कराया जा रहा था।
मंत्री उदय प्रताप सिंह के प्रयासों से स्वीकृत इस कार्य के शुरू होने पर क्षेत्रवासियों ने प्रसन्नता व्यक्त की है। नए डीपी ट्रांसफार्मरों की स्थापना से संबंधित वार्डों में ओवरलोडिंग की समस्या कम होगी और बार-बार होने वाले विद्युत व्यवधानों से राहत मिलेगी। वहीं नई हैवी केबल लाइन के माध्यम से विद्युत व्यवस्था अधिक सुरक्षित एवं विश्वसनीय बनेगी।जानकारी के अनुसार नगर के प्रमुख मार्गों एवं अन्य आवश्यक क्षेत्रों में भी चरणबद्ध तरीके से नवीन केवलीकरण का कार्य किया जाएगा। इससे पूरे नगर की विद्युत व्यवस्था में व्यापक सुधार होने की उम्मीद है।जनप्रतिनिधियों ने कहा कि नगरवासियों की मूलभूत समस्याओं के समाधान के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं और आगे भी विकास कार्यों की गति जारी रहेगी।
क्षेत्र के नागरिकों ने मंत्री उदय प्रताप सिंह के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी तत्परता और जनहितैषी सोच के कारण नगर की वर्षों पुरानी बिजली संबंधी समस्याओं के समाधान की दिशा में ठोस कदम उठाए गए हैं। इस अवसर पर नगर परिषद अध्यक्ष प्रतिनिधि सचिन अग्रवाल, भाजपा जिला उपाध्यक्ष कीरत सिंह पटेल, नगर परिषद सभापति एवं पार्षद ओमप्रकाश पटेल तथा भाजपा कार्यकर्ता मनजीत पटेल उपस्थित रहे। नागरिकों ने भविष्य में भी इसी प्रकार के विकास कार्यों की अपेक्षा जताई है।
संवाददाता बृजेश कुमार पांडेय
