प्राप्त शिकायत के अनुसार विद्यालय के मुख्याध्यापक सिताबसिंह दशरिया पर पद का दुरुपयोग करते हुए संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ मिलीभगत कर शासकीय निधि के दुरुपयोग का आरोप लगाया गया है। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि विद्यार्थियों के खेल विकास के लिए स्वीकृत निधि का उपयोग किए बिना ही खर्च दिखाकर शासन को आर्थिक नुकसान पहुंचाया गया है।
स्थानीय नागरिकों के अनुसार विद्यालय के खेल मैदान का निरीक्षण करने पर समतलीकरण कार्य के स्पष्ट प्रमाण दिखाई नहीं देते। ऐसे में बिना कार्य किए भुगतान कैसे हुआ, कार्य पूर्णता प्रमाणपत्र किस आधार पर जारी किया गया तथा संबंधित अधिकारियों ने स्थल निरीक्षण किया था या नहीं, जैसे कई सवाल खड़े हो रहे हैं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए शिकायतकर्ताओं ने जिलाधिकारी गोंदिया, शिक्षा अधिकारी (प्राथमिक), जिला परिषद अध्यक्ष सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों को लिखित शिकायत सौंपकर तकनीकी, आर्थिक एवं प्रशासनिक स्तर पर स्वतंत्र जांच की मांग की है। साथ ही दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग भी की गई है।
शिकायत में यह भी कहा गया है कि यदि शैक्षणिक संस्थाओं में विकास कार्य केवल कागजों पर ही पूर्ण दिखाए जा रहे हैं, तो ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को मिलने वाली मूलभूत सुविधाएं प्रभावित होंगी। शासन का उद्देश्य विद्यार्थियों को बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध कराना है, लेकिन निधि के दुरुपयोग की स्थिति में शिक्षा व्यवस्था की विश्वसनीयता पर भी प्रश्नचिह्न खड़ा हो सकता है।
इस बीच नाराज नागरिकों ने जांच पूरी होने तक मुख्याध्यापक सिताबसिंह दशरिया को तत्काल निलंबित करने की मांग की है। साथ ही इस मामले में संबंधित अधिकारियों, अभियंताओं और प्रशासनिक कर्मचारियों की भूमिका की भी निष्पक्ष जांच कर विभागीय तथा आपराधिक कार्रवाई करने की मांग जोर पकड़ रही है।
फिलहाल यह मामला पूरे सालेकसा तहसील और गोंदिया जिले में चर्चा का विषय बना हुआ है। अब सभी की नजर जिला प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी हुई है। यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं, तो शिक्षा विभाग में बड़े आर्थिक अनियमितता का खुलासा हो सकता है।
प्रतिक्रिया
"इस संबंध में फिलहाल मेरे पास कोई शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। हालांकि यह विषय शिक्षा विभाग से संबंधित है। मैं पंचायत समिति सालेकसा के गट शिक्षा अधिकारी से विस्तृत जानकारी प्राप्त कर पूरे मामले की जांच करवाऊंगी। जांच के उपरांत यदि अनियमितता पाई जाती है तो मुख्याध्यापक दशरिया के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।"
— प्रमिला जाकलेकर, प्रभारी मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला परिषद गोंदिया।
दिनेश मानकर
