Type Here to Get Search Results !

🔴LIVE TV

धूमधाम से मनाया गया संत कबीर साहेब का 628वां प्रकटोत्सव.............NN81


। पंथ श्री प्रकाश मुनि नाम साहेब जी एवं पंथ श्री उदित मुनि नाम साहेब जी की असीम कृपा से कबीर पंथी सत्संग समिति एवं अमीन माता महिला मंडली के तत्वावधान में ग्राम पंचायत पतोरा में संत शिरोमणि सद्गुरु कबीर साहेब का 628वां प्रकटोत्सव श्रद्धा, भक्ति एवं उत्साह के साथ धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर दिनभर धार्मिक, आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला आयोजित की गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं एवं ग्रामीणजनों ने सहभागिता की।

कार्यक्रम की शुरुआत प्रातःकाल सत्संग एवं कबीर ध्वज वंदन के साथ हुई। इसके पश्चात अमीन माता महिला मंडली द्वारा भव्य कलश यात्रा निकाली गई, जिसमें मातृशक्तियों ने पूरे गांव में भक्तिमय वातावरण निर्मित किया। यात्रा उपरांत संत कबीर साहेब की आरती कर समाज, राष्ट्र एवं समस्त मानव जाति के कल्याण की कामना की गई।

दोपहर में आदर्श गायन भजन मंडली की प्रमुख लोक कलाकार त्रिवेणी साहू द्वारा कबीर पंडवानी की मनोहारी प्रस्तुति दी गई। उन्होंने संत कबीर साहेब के जीवन दर्शन, उपदेशों एवं सामाजिक समरसता के संदेशों को प्रभावशाली शैली में प्रस्तुत किया, जिसे श्रद्धालुओं ने भावविभोर होकर सुना।

भोजन प्रसादी के पश्चात आयोजित सम्मान एवं उद्बोधन कार्यक्रम में सांसद प्रतिनिधि राजेश चंद्राकर, जिला पंचायत सदस्य देवेंद्र चंद्रवंशी, केंद्रीय प्रतिनिधि केवीडी मिशन एवं उपाध्यक्ष कबीर धर्मनगर दामाखेड़ा प्रमोद साहेब जी, जनपद पंचायत सदस्य श्रीमती चंद्रिका देवदास, सरपंच भुनेश्वर साहू, पूर्व मंडी अध्यक्ष अश्वनी साहू, पूर्व सरपंच श्रीमती अंजिता साहू तथा परीक्षेत्रीय साहू संघ अरसनारा के अध्यक्ष किशन हिरवानी सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

अतिथियों ने संत कबीर साहेब के विचारों को वर्तमान समय में अत्यंत प्रासंगिक बताते हुए समाज में सद्भाव, नैतिकता, मानवता एवं सामाजिक एकता को बढ़ावा देने का संदेश दिया। सांसद प्रतिनिधि राजेश चंद्राकर ने ग्राम पतोरा में कबीर कुटीर निर्माण हेतु सहयोग देने की सहमति व्यक्त की, वहीं जिला पंचायत सदस्य देवेंद्र चंद्रवंशी ने सत्संग समिति के लिए कलश एवं पूजन सामग्री उपलब्ध कराने की घोषणा की।

कार्यक्रम में उपाध्यक्ष कबीर धर्मनगर दामाखेड़ा प्रमोद साहेब जी ने उदित मुनि नाम साहेब के चादर तिलक पर प्रकाश डालते हुए कहा कि केवीडी मिशन जीव दया एवं मानव सेवा के सिद्धांतों पर कार्य करते हुए समाज में प्रेम, करुणा, अहिंसा एवं मानव कल्याण का संदेश प्रसारित कर रहा है। उन्होंने सभी को संत कबीर साहेब के बताए मार्ग पर चलने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के अंतिम चरण में महंत श्यामसुंदर साहेब जी के सान्निध्य में 121 चौका आरती संपन्न हुई। अपने प्रवचन में उन्होंने सत्य, सदाचार, सेवा एवं मानव कल्याण को जीवन का आधार बनाने की प्रेरणा दी। चौका आरती के प्रमुख यजमान प्रकाश साहू एवं लक्ष्मी साहू रहे। इसके पश्चात प्रसाद वितरण एवं विशाल भंडारे का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का सफल मंच संचालन हुगेंद्र साहू द्वारा किया गया। आयोजन को सफल बनाने में शशिभूषण साहू, सुदर्शन साहू, सुकेश्वर साहू, सुखराम साहू, दाऊराम साहू, कमलेश साहू, रूपेंद्र साहू, तोमन साहू, वेदप्रकाश साहू, कौशल साहू, रोशन साहू, महेंद्र गजपाल, नरेश श्रीवास, गैंदलाल साहू, प्रदीप साहू, महेश साहू, राजेंद्र साहू, चुनेश्वर ठाकुर, जीतराम श्रीवास, दुलार यादव, देवचरण, हेमंत साहू, मनोज साहू, बुधराम साहू, नागेंद्र साहू एवं मदन साहू सहित बड़ी संख्या में समाजजनों का विशेष योगदान रहा।

महिला मंडली की ओर से ललिता साहू, देवजानी साहू, सावित्री साहू, सत्यभामा साहू, ऊषा साहू, नोमिन साहू, पूनम, परमेश्वरी एवं अन्य मातृशक्तियों ने भी आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

पूरे आयोजन में भक्ति, श्रद्धा, सामाजिक समरसता एवं एकता का अनुपम वातावरण देखने को मिला। श्रद्धालुओं ने संत कबीर साहेब के बताए सत्य, प्रेम, समानता एवं मानवता के मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का समापन सत्संग, आरती, प्रसाद वितरण एवं भंडारे के साथ भक्तिमय वातावरण में संपन्न हुआ। 🔶🔶

रिपोर्ट गोपेश साहू

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Advertisement

#codes