Type Here to Get Search Results !

🔴LIVE TV

"स्वस्थ आयु के लिए योग" थीम पर मनाया गया 12वाँ अंतरराष्ट्रीय योग दिवस............NN81




योग से स्वस्थ, संतुलित एवं सकारात्मक जीवन का दिया संदेश

 जिला प्रशासन एवं आयुष विभाग के संयुक्त तत्वावधान में "स्वस्थ आयु के लिए योग" (योगा फॉर हेल्दी एजिंग) थीम के साथ 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का जिला स्तरीय आयोजन रविवार को शांति भवन में उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों तथा आमजन ने सामूहिक योगाभ्यास कर स्वस्थ तन-मन और संतुलित जीवन का संदेश दिया।


कार्यक्रम में सांसद दामोदर अग्रवाल, शहर विधायक अशोक कोठारी, सहाड़ा विधायक लादूलाल पितलिया, जनप्रतिनिधि प्रशांत मेवाड़ा, प्रभारी सचिव मंजू राजपाल, जिला कलक्टर जसमीत सिंह संधू, अतिरिक्त जिला कलक्टर (शहर) प्रतिभा देवठिया, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी चंद्रभान सिंह भाटी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। महिलाओं, युवाओं, बच्चों एवं वरिष्ठ नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई।


कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संदेश वर्चुअल माध्यम से प्रसारित किया गया, जिसमें उन्होंने योग को मानवता के लिए भारत की अमूल्य देन बताते हुए इसे स्वस्थ, संतुलित एवं तनावमुक्त जीवन का आधार बताया।


जिला नोडल अधिकारी डॉ. जी.एल. शर्मा ने बताया कि योग प्रशिक्षकों के निर्देशन में प्रतिभागियों ने कॉमन योग प्रोटोकॉल के तहत विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास किया तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया।


वक्ताओं ने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि जीवन जीने की समग्र पद्धति है, जो व्यक्ति को शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक रूप से सशक्त बनाता है। वर्तमान समय की जीवनशैली संबंधी चुनौतियों के बीच योग का महत्व और अधिक बढ़ गया है।


इस अवसर पर सांसद दामोदर अग्रवाल ने सभी को स्वच्छता की शपथ दिलाते हुए स्वच्छ, स्वस्थ एवं विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया। उपस्थित जनसमूह ने स्वयं, परिवार, समाज एवं विश्व में शांति, आनंद और स्वास्थ्य के प्रसार का संकल्प भी लिया।


कार्यक्रम का संचालन आयुर्वेद विभाग के पूर्व उपनिदेशक डॉ. सत्यनारायण शर्मा ने किया।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Advertisement

#codes