अमरोहा नगर पालिका परिषद में सोमवार को आयोजित ‘संभव दिवस’ जनसुनवाई में नागरिकों की विभिन्न समस्याओं की सुनवाई की गई। कार्यक्रम के दौरान कुल छह शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से पांच शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि एक शिकायत को आवश्यक कार्रवाई के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया।
जनसुनवाई में सफाई व्यवस्था से संबंधित एक शिकायत प्राप्त हुई, जिसका तत्काल समाधान कराया गया। इसके अलावा पेयजल आपूर्ति से जुड़ी दो शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया गया। वहीं स्ट्रीट लाइट से संबंधित दो शिकायतों को भी तत्काल दूर कर नागरिकों को राहत प्रदान की गई। एक शिकायत जमीन से संबंधित प्राप्त हुई, जिसे जांच और आवश्यक कार्रवाई के लिए संबंधित अधिकारियों को भेजा गया।
नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी दिनेश कुमार यादव ने बताया कि प्रदेश सरकार के निर्देशानुसार प्रत्येक सोमवार को ‘संभव दिवस’ का आयोजन किया जाता है, ताकि आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने कहा कि नगर पालिका की प्राथमिकता है कि प्रत्येक फरियादी की शिकायत को गंभीरता से सुनकर उसका समयबद्ध निस्तारण कराया जाए।
उन्होंने बताया कि जनसुनवाई के दौरान प्राप्त शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई की जा रही है और संबंधित विभागों को जवाबदेह बनाया गया है। साथ ही कर्मचारियों को निर्देश दिए गए हैं कि कार्यालय आने वाले प्रत्येक नागरिक के साथ सम्मानजनक व्यवहार करें तथा उनकी समस्याओं के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
ईओ दिनेश कुमार यादव ने कहा कि नगर पालिका प्रशासन जनता की सुविधाओं और समस्याओं के समाधान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे अपनी समस्याओं से पालिका को अवगत कराएं, ताकि उनका शीघ्र समाधान कराया जा सके। उन्होंने यह भी बताया कि जो नागरिक कार्यालय आने में असमर्थ हैं, वे पालिका के टोल फ्री नंबर 1533 पर अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं, जिस पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
रिपोर्ट मौ। अज़ीम अमरोहा
