राजस्थान नर्सेज यूनियन के जिलाध्यक्ष लक्की ब्यावट के नेतृत्व में मंगलवार को महात्मा गांधी चिकित्सालय में कार्यरत 48 ठेका नर्सिंगकर्मियों के लंबित वेतन, पीएफ और ईएसआई की राशि दिलाने की मांग को लेकर जिला कलेक्टर जसमीत सिंह संधु को ज्ञापन सौंपा गया।
जिला संयोजक अमित व्यास ने बताया कि संबंधित नर्सिंगकर्मी पिछले कई वर्षों से अपनी सेवाएं दे रहे हैं, लेकिन पिछले छह माह से उनका वेतन तथा पीएफ का भुगतान नहीं हुआ है, जिससे कर्मचारियों को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने शीघ्र बकाया राशि का भुगतान करवाने और कर्मचारियों की सेवाएं बहाल रखने की मांग की।
जिला कलेक्टर जसमीत सिंह संधु ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि नर्सिंगकर्मियों की समस्याओं का जल्द समाधान किया जाएगा। उन्होंने चिकित्सा अधीक्षक और मेडिकल कॉलेज प्राचार्य से भी इस संबंध में वार्ता करने के निर्देश दिए। बताया गया कि विधायक अशोक कोठारी और जिला कलेक्टर के निर्देश पर चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अरुण गोड़ द्वारा कर्मचारियों की सेवा बहाली के लिए प्रस्ताव तैयार कर राज्य सरकार को भेज दिया गया है।
ज्ञापन के दौरान लखन राव, बंधन चावला, अरविंद टेलर, अब्दुल, हेमराज माली, सत्यनारायण, शंकर, कालू गाडरी और विनोद प्रजापत सहित अन्य पदाधिकारी व नर्सिंगकर्मी मौजूद रहे।
