नगर पंचायत उतई को स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक बड़ी सौगात मिली है। नगर में लगभग 3 करोड़ 85 लाख रुपये की लागत से सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) का निर्माण किया जाएगा। इस परियोजना के माध्यम से घरेलू एवं व्यवसायिक गतिविधियों से निकलने वाले अपशिष्ट जल का वैज्ञानिक तरीके से शोधन कर उसे पुनः उपयोग योग्य बनाया जाएगा।
एसटीपी के निर्माण के बाद नगर की नालियों में बहने वाले गंदे पानी का उपचार किया जाएगा, जिससे जल प्रदूषण पर नियंत्रण मिलेगा और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा। उपचारित जल का उपयोग उद्यानों की सिंचाई, हरित क्षेत्र विकास, सड़क एवं सार्वजनिक स्थलों की सफाई सहित अन्य आवश्यक कार्यों में किया जा सकेगा। इससे भूजल एवं प्राकृतिक जल स्रोतों पर पड़ने वाले दबाव में भी कमी आएगी।
नगरवासियों का कहना है कि यह परियोजना उतई के लिए विकास एवं स्वच्छता के क्षेत्र में मील का पत्थर साबित होगी। लंबे समय से नगर में सीवेज प्रबंधन की आवश्यकता महसूस की जा रही थी, जिसे अब मूर्त रूप मिलने जा रहा है। इससे नगर की स्वच्छता व्यवस्था मजबूत होगी तथा लोगों को स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण उपलब्ध हो सकेगा।
इस महत्वपूर्ण परियोजना को स्वीकृति मिलने पर क्षेत्र के विधायक ललित चंद्राकर, नगर पंचायत अध्यक्ष सरस्वती साहू, उपाध्यक्ष शिव देशमुख एवं पूर्व सीएमओ नायक के प्रति नगरवासियों ने आभार व्यक्त किया है। नागरिकों ने विश्वास जताया है कि जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासन के सहयोग से यह योजना शीघ्र पूर्ण होगी और उतई नगर स्वच्छ एवं विकसित नगरों की श्रेणी में अपनी अलग पहचान बनाएगा।
कैप्शन:
उतई नगर में 3.85 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले एसटीपी प्लांट से अपशिष्ट जल का शोधन कर उसका पुनः उपयोग किया जाएगा, जिससे स्वच्छता और जल संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा।
गोपेश साहू
