संवाददाता : मोहम्मद इस्लाम
पिड़ावा, 28 जून। उप जिला चिकित्सालय पिड़ावा के अंतर्गत रविवार को राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ किया गया।
अभियान के तहत क्षेत्र में बनाए गए सभी 32 पल्स पोलियो बूथों एवं एक ट्रांजिट टीम के माध्यम से 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को पोलियोरोधी वैक्सीन की दो बूंद की खुराक पिलाई गई।
अभियान में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, आशा सहयोगिनी एवं स्वास्थ्य विभाग के हेल्थ वर्कर अपने-अपने बूथों पर तैनात रहकर बच्चों को पोलियो की दवा पिलाने में जुटे रहे। अभियान की प्रभावी निगरानी के लिए 5 सुपरवाइजर नियुक्त किए गए हैं, जो सभी बूथों पर व्यवस्थाओं एवं कार्यों का निरीक्षण कर रहे हैं।
पिड़ावा शहरी क्षेत्र में चार-चार सदस्यों वाली 5 विशेष टीमें भी बनाई गई हैं, जो बूथों पर बच्चों को दवा पिलाने का कार्य कर रही हैं।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार 29 जून से घर-घर सर्वे अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान दो-दो सदस्यों की टीमें घर-घर जाकर हाउस मार्किंग करेंगी तथा बूथों पर आने से छूट गए 0 से 5 वर्ष आयु के बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाकर शत-प्रतिशत लक्ष्य पूरा करने का प्रयास करेंगी।
स्वास्थ्य विभाग ने सभी अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने 0 से 5 वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की दो बूंद अवश्य पिलवाएं, ताकि बच्चों को पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखा जा सके।

