Type Here to Get Search Results !

🔴LIVE TV

21 जून को मनाया जाएगा 12वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस............NN81



जिला कलेक्टर ने बैठक लेकर विभिन्न विभागों को सौंपे दायित्व, सफल क्रियान्विति के दिए निर्देश


= 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर 21 जून 2026 को जिलेभर में आयोजित होने वाले योग कार्यक्रमों के सफल एवं प्रभावी क्रियान्वयन के लिए विभिन्न विभागों की जिम्मेदारियां निर्धारित की गई हैं। जिला कलेक्टर श्री जसमीत सिंह संधू ने मंगलवार को बैठक लेकर जिला, ब्लॉक एवं ग्राम पंचायत स्तर पर व्यापक स्तर पर योग कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए हैं।


इन विभागों को दी जिम्मेदारी


जिला पुलिस अधीक्षक एवं जिला परिवहन अधिकारी को सभी मुख्य कार्यक्रम स्थलों पर सुचारू यातायात प्रबंधन तथा कानून एवं सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही पुलिस रिजर्व बटालियन, गृह रक्षा एवं सिविल डिफेंस के कार्मिकों की योग समारोह में सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।


आयुक्त नगर निगम को चित्रकूट धाम में आयोजित मुख्य कार्यक्रम हेतु टेंट, मंच, साउंड सिस्टम, एलईडी वॉल, पेयजल एवं वीडियोग्राफी की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अतिरिक्त नगर निगम द्वारा सार्वजनिक पार्कों, सामुदायिक भवनों एवं मैदानों को निःशुल्क उपलब्ध करवाने, पेयजल, अग्निशमन व्यवस्था, चल शौचालय एवं विशेष सफाई अभियान कार्यक्रम से पूर्व एवं पश्चात संचालित किए जाएंगे।


मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी को जिले के राजकीय एवं निजी विद्यालयों, महाविद्यालयों तथा विश्वविद्यालयों में योग दिवस कार्यक्रमों का आयोजन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। कक्षा 5 से 12 तक के विद्यार्थियों, महाविद्यालय एवं इंजीनियरिंग विद्यार्थियों तथा उनके अभिभावकों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करे साथ ही शारीरिक शिक्षकों को योग प्रशिक्षक के रूप में प्रशिक्षित कर योग गाइड के रूप में तैनात किया जाएगा। राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस), नेशनल कैडेट कोर (एनसीसी) तथा स्काउट-गाइड के स्वयंसेवकों को जिला, ब्लॉक एवं ग्राम पंचायत स्तर के कार्यक्रमों में भागीदारी हेतु निर्देशित किया जाएगा। योग विषयक सांस्कृतिक कार्यक्रम, निबंध लेखन, व्याख्यान एवं योग प्रोटोकॉल रिहर्सल का आयोजन भी किया जाएगा।


मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी द्वारा जिला एवं ब्लॉक स्तर के मुख्य कार्यक्रम स्थलों पर चिकित्सा दल एवं एम्बुलेंस की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी। सभी चिकित्साधिकारी, नर्सिंग स्टाफ तथा पैरामेडिकल प्रशिक्षण संस्थानों की सक्रिय भागीदारी के साथ सरकारी एवं गैर-सरकारी मेडिकल कॉलेजों में भी योग दिवस का आयोजन किया जाएगा।


मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद को जिला परिषद, पंचायत समितियों एवं ग्राम पंचायतों के माध्यम से कार्यक्रमों की संपूर्ण व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने तथा अधीनस्थ अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। साथ ही स्थानीय आवश्यकतानुसार अतिरिक्त मानव संसाधन एवं वित्तीय संसाधनों की उपलब्धता तथा ग्राम पंचायत बैठकों एवं अन्य आयोजनों के माध्यम से योग दिवस का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा।


जिला खेल अधिकारी एवं नेहरू युवा केंद्र संगठन को खेल स्टेडियमों एवं मैदानों पर स्थान उपलब्ध कराने, साफ-सफाई एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। नेहरू युवा केंद्र के प्रतिनिधियों, एनसीसी कैडेट्स तथा स्काउट-गाइड के सदस्यों की जिला एवं ब्लॉक स्तरीय कार्यक्रमों में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।


उप निदेशक महिला एवं बाल विकास विभाग को सभी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं एवं सहयोगिनियों की स्थानीय कार्यक्रमों में अनिवार्य उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा स्थानीय महिलाओं को योगाभ्यास के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए गए हैं।


जिले के समस्त उपखंड अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में नगर निगम, नगर पालिका एवं पंचायत समितियों के सहयोग से योग दिवस कार्यक्रमों की संपूर्ण व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने तथा अधीनस्थ अधिकारियों एवं कर्मचारियों की कार्यक्रम स्थलों पर उपस्थिति सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए हैं।


जिला कलेक्टर ने सभी विभागों से समन्वय स्थापित कर 21 जून को आयोजित होने वाले 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस को जनभागीदारी के साथ सफल बनाने का आह्वान किया है। इस दौरान अतिरिक्त जिला कलेक्टर सिटी श्रीमती प्रतिभा देवतिया, जिला परिषद सीईओ श्री चंद्रभान सिंह भाटी, आयुर्वेद विभाग के उपनिदेशक श्री महाराज सिंह सहित अन्य संबंधित विभागों के जिला स्तरीय अधिकारीगण मौजूद रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Advertisement

#codes