Type Here to Get Search Results !

🔴LIVE TV

झांसी मंडल में 12वाँ अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस उत्साहपूर्वक आयोजित...........NN81



*मंडल रेल प्रबंधक के नेतृत्व में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने किया सामूहिक योगाभ्यास*



झांसी, 21 जून 2026। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर उत्तर मध्य रेलवे के झांसी मंडल में "योग फॉर हेल्दी एजिंग" (स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग) थीम के अंतर्गत विभिन्न रेलवे प्रतिष्ठानों एवं परिसरों में उत्साहपूर्वक योग कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। मंडल स्तरीय मुख्य कार्यक्रम सीनियर रेलवे इंस्टीट्यूट, झांसी में आयोजित हुआ, जिसमें रेलवे अधिकारियों, कर्मचारियों, रेलवे परिक्षेत्र में संचालित स्कूलों, स्काउट्स एवं गाइड्स के सदस्यों तथा उनके परिजनों ने बड़ी संख्या में सहभागिता की।


कार्यक्रम का शुभारंभ देशभर में आयोजित अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के मुख्य समारोह से  प्रधानमंत्री  नरेन्द्र मोदी जी के संबोधन के सजीव प्रसारण के साथ हुआ, जिसे उपस्थित सभी प्रतिभागियों ने ध्यानपूर्वक देखा एवं सुना।




इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक, झांसी,  अनिरुद्ध कुमार द्वारा वंदे मातरम् गीत एवं दीप प्रज्वलन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। तत्पश्चात उन्होंने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की महत्ता एवं इसकी पृष्ठभूमि पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि योग भारत की प्राचीन एवं गौरवशाली सांस्कृतिक विरासत है, जो व्यक्ति के शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक विकास का सशक्त माध्यम है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2014 में भारत के माननीय प्रधानमंत्री  नरेन्द्र मोदी जी द्वारा संयुक्त राष्ट्र महासभा (UNO) में योग को वैश्विक स्तर पर अपनाने का प्रस्ताव रखा गया था, जिसे विश्व के अनेक देशों का अभूतपूर्व समर्थन प्राप्त हुआ। इसके परिणामस्वरूप संयुक्त राष्ट्र ने 21 जून को "अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस" के रूप में मनाने की घोषणा की और तब से सम्पूर्ण विश्व में योग एक जन-आंदोलन के रूप में निरंतर विस्तार पा रहा है।


इसके उपरांत कॉमन योगा प्रोटोकॉल (Common Yoga Protocol) के अनुसार सामूहिक योगाभ्यास आयोजित किया गया। योगाचार्या श्रीमती दीपा कुशवाहा के निर्देशन में प्रतिभागियों ने विभिन्न योगासन, प्राणायाम, ध्यान एवं शारीरिक क्रियाओं का अभ्यास किया तथा योग के शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक लाभों की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उपस्थित सभी प्रतिभागियों ने नियमित योगाभ्यास के माध्यम से स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया।



अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर झांसी मंडल के सभी प्रशिक्षण केंद्रों में भी विशेष योग सत्र आयोजित किए गए, जिनमें प्रशिक्षुओं एवं कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। इसके अतिरिक्त मंडल के प्रमुख रेलवे स्टेशनों—ग्वालियर, ललितपुर, बांदा एवं खजुराहो सहित विभिन्न रेलवे परिसरों में भी सामूहिक योग कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों में रेलवे कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए स्वस्थ, अनुशासित एवं सकारात्मक जीवन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। "अंत में सभी उपस्थित जनों द्वारा राष्ट्रगान का सामूहिक गायन किया गया, जिसके साथ कार्यक्रम का गरिमामय समापन हुआ।"


सीनियर रेलवे इंस्टीट्यूट, झांसी में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में अपर मंडल रेल प्रबंधक (इंफ्रा.)  पी.पी. शर्मा, अपर मंडल रेल प्रबंधक (ऑपरेशन)  नंदीश शुक्ला,  वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक  अमन वर्मा, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक सुश्री सीमा तिवारी, वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी  गिरीश कंचन,मंडल कार्मिक अधिकारी (DPO)  जी.पी. मिश्रा, सहायक कार्मिक अधिकारी (APO)  आदेश मिश्रा एवं सहायक कार्मिक अधिकारी (APO)  अशोक मीणा सहित मंडल के अनेक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Advertisement

#codes