नारायणपुर पुलिस द्वारा आमजन को आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित सहायता उपलब्ध कराने हेतु संचालित डायल-112 सेवा की कार्यक्षमता, रिस्पांस टाइम, संचार व्यवस्था एवं उपलब्ध संसाधनों की उपयोगिता का परीक्षण करने के उद्देश्य से जिले के वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा विशेष औचक निरीक्षण एवं टेस्ट इवेंट आयोजित किया गया।
इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अजय कुमार (भा.पु.से.), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री सुशील नायक, एसडीओपी नारायणपुर श्री लोकेश बंसल, एसडीओपी छोटेडोंगर श्री अभिषेक केसरी, एसडीओपी बेनूर श्री अविनाश कंवर, डीएसपी श्री आशीष नेताम, डीएसपी श्री अजय सिंह एवं डीएसपी श्री अरविंद खलखो द्वारा जिले में डायल-112 सेवा की कार्यप्रणाली का निरीक्षण करते हुए अलग-अलग टेस्ट इवेंट जनरेट कर सेवा की गुणवत्ता एवं तत्परता का परीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान एसडीओपी छोटेडोंगर श्री अभिषेक केसरी द्वारा डायल-112 कंट्रोल रूम में कॉल कर दो मोटरसाइकिलों के बीच हुई भिड़ंत एवं घटना के बाद मारपीट होने संबंधी सूचना देकर एक टेस्ट इवेंट जनरेट कराया गया। सूचना प्राप्त होते ही कंट्रोल रूम द्वारा निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार संबंधित ईआरवी (डायल-112) वाहन को तत्काल रवाना किया गया तथा घटनास्थल के लिए रिस्पांस दर्ज किया गया।
इसी दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अजय कुमार (भा.पु.से.) द्वारा एक ईआरवी प्लेसमेंट प्वाइंट से जनरेट किए गए टेस्ट इवेंट पर स्वयं डायल-112 वाहन में सवार होकर घटनास्थल तक पहुंचने की संपूर्ण प्रक्रिया का अवलोकन किया गया। उन्होंने कंट्रोल रूम से सूचना प्राप्त होने के पश्चात वाहन के रवाना होने, मार्ग में समन्वय एवं घटनास्थल तक पहुंचने में लगे समय का परीक्षण किया। निर्धारित समयावधि में त्वरित रिस्पांस देते हुए डायल-112 टीम के घटनास्थल पहुंचने पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अजय कुमार ने टीम की तत्परता एवं रिस्पांस टाइम की सराहना की तथा अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आपातकालीन परिस्थितियों में और अधिक प्रभावी ढंग से कार्य करने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।
अधिकारियों द्वारा डायल-112 वाहन की घटनास्थल तक पहुंचने की समयावधि, कंट्रोल रूम एवं फील्ड स्टाफ के मध्य समन्वय, सूचना के आदान-प्रदान की प्रक्रिया तथा मौके पर पहुंचकर की जाने वाली कार्रवाई का सूक्ष्म परीक्षण किया गया। साथ ही डायल-112 वाहनों में उपलब्ध जीपीएस ट्रैकिंग सिस्टम, वायरलेस संचार उपकरण, टैबलेट आधारित रिपोर्टिंग सिस्टम, सायरन, पब्लिक एड्रेस सिस्टम, प्राथमिक उपचार सामग्री, सुरक्षा उपकरण एवं अन्य आवश्यक संसाधनों की कार्यक्षमता का भी परीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान सभी उपकरणों को संचालित कर उनकी कार्यशीलता की जांच की गई तथा आवश्यकतानुसार सुधारात्मक सुझाव दिए गए। अधिकारियों ने डायल-112 स्टाफ को निर्देशित किया कि महिला सुरक्षा, सड़क दुर्घटनाओं, मारपीट, आपातकालीन परिस्थितियों एवं अन्य अपराध संबंधी सूचनाओं पर त्वरित एवं प्रभावी रिस्पांस सुनिश्चित किया जाए तथा घटनास्थल पर शीघ्र पहुंचकर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाए।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अजय कुमार (भा.पु.से.) ने कहा कि डायल-112 सेवा आमजन को संकट की घड़ी में त्वरित सहायता उपलब्ध कराने का महत्वपूर्ण माध्यम है। इस सेवा की गुणवत्ता बनाए रखने एवं इसे और अधिक प्रभावी बनाने के लिए समय-समय पर इस प्रकार के औचक निरीक्षण एवं टेस्ट इवेंट आयोजित किए जाते रहेंगे।
नारायणपुर पुलिस द्वारा आमजन की सुरक्षा एवं सहायता हेतु संचालित डायल-112 सेवा को और अधिक प्रभावी, तकनीकी रूप से सक्षम एवं जनहितकारी बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
संवाददाता खुमेश यादव
