पुरानी पेंशन बहाली की मांग तेज
ललितपुर। चतुर्थ श्रेणी वन कर्मचारी संघ वन विभाग जिला शाखा ललितपुर की एक आवश्यक बैठक स्थानीय चंद्रशेखर उद्यान पार्क में जिलाध्यक्ष आनंद स्वरूप रजक की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में वर्ष 1986-87 से पूर्व से वन विभाग में कार्यरत दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों की समस्याओं एवं मांगों पर विस्तार से चर्चा की गई। जिलाध्यक्ष ने कहा कि वन विभाग में वर्ष 1986-87 से पूर्व से सेवाएं दे रहे कर्मचारियों ने विभाग के प्रति पूरी निष्ठा एवं ईमानदारी के साथ कार्य किया है, लेकिन आज भी उन्हें कई महत्वपूर्ण सुविधाओं से वंचित रखा गया है। उन्होंने शासन एवं प्रशासन को कर्मचारियों की विभिन्न समस्याओं के समाधान हेतु 10 सूत्रीय मांगपत्र भेजे जाने की जानकारी दी। संघ ने मांग की कि वर्ष 1986-87 से पूर्व कार्यरत कर्मचारियों को वेतन वृद्धि, विभिन्न भत्तों तथा बकाया एरियर का लाभ प्रदान किया जाए। इसके साथ ही कर्मचारियों को पुरानी पेंशन योजना का लाभ दिया जाए तथा शासनादेश के अनुरूप समय रहते विकल्प पत्र भरवाकर उन्हें जीपीएफ आधारित पुरानी पेंशन व्यवस्था से जोड़ा जाए। बैठक में कर्मचारियों की सामाजिक एवं आर्थिक सुरक्षा से जुड़े अन्य मुद्दों पर भी चर्चा की गई तथा मांगों के शीघ्र निराकरण के लिए शासन से प्रभावी कार्रवाई करने का आग्रह किया गया।
संवाददाता-आलोक खरे
