प्रतापनगर थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए वर्ष 2016 में इंडसइंड बैंक कैश लूट और फायरिंग मामले में पिछले 10 वर्षों से फरार चल रहे 15 हजार रुपये के इनामी आरोपी अशोक कुमार चौहान उर्फ पप्पू को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ प्रकरण में अनुसंधान की कार्रवाई धारा 173(8) सीआरपीसी के तहत लंबित थी।
पुलिस अधीक्षक सागर राणा (आईपीएस) के निर्देशन में लंबे समय से फरार वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी एवं पुराने लंबित प्रकरणों के निस्तारण के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पारस जैन एवं वृत्ताधिकारी सज्जन सिंह के सुपरविजन में प्रतापनगर थानाधिकारी सुनील ताड़ा के नेतृत्व में गठित टीम ने आरोपी को गिरफ्तार किया।
यह था मामला
पुलिस के अनुसार 18 फरवरी 2016 को इंडसइंड बैंक के कैशियर रविराज सिंह अपने साथी कर्मचारी रामलाल के साथ गांधीनगर शाखा से करीब 24.33 लाख रुपये नकद लेकर मुख्य शाखा में जमा कराने जा रहे थे। इसी दौरान दो बदमाशों ने रुपये से भरा बैग छीनने का प्रयास किया। विरोध करने पर हाथापाई हुई और एक बदमाश ने पिस्टल से फायर कर दिया, जिससे सुरक्षा गार्ड रामलाल घायल हो गया। इसके बाद आरोपी तीसरे साथी के साथ मोटरसाइकिल पर फरार हो गए।
इस मामले में पूर्व में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका था, जबकि मुख्य आरोपी अशोक कुमार चौहान घटना के बाद से लगातार फरार चल रहा था।
कई राज्यों में तलाश के बाद गिरफ्तारी
पुलिस ने बताया कि आरोपी पूर्व में सेना में नौकरी कर चुका है और बेहद शातिर तरीके से लगातार ठिकाने बदलकर पुलिस से बचता रहा। उसकी गिरफ्तारी पर पुलिस अधीक्षक द्वारा 15 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
गठित टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और लगातार निगरानी के आधार पर मैनपुरी, भिंड, ग्वालियर, इंदौर, धार, राजगढ़, अलीराजपुर और मेघनगर सहित विभिन्न स्थानों पर तलाश की। आखिरकार पुलिस ने आरोपी का पीछा करते हुए उसे इंदौर के तेजाजी नगर क्षेत्र स्थित एक कच्ची झोपड़ी से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी इंदौर में आलीशान मकान और लग्जरी वाहन होने के बावजूद पहचान छिपाने के लिए झोपड़ी में रह रहा था।
गिरफ्तार आरोपी
अशोक कुमार चौहान उर्फ पप्पू (49) पुत्र उदयवीर सिंह चौहान, निवासी अग्रवाल मोहल्ला, मैनपुरी (उत्तर प्रदेश), हाल निवासी मिर्जापुर सैटेलाइट कॉलोनी, थाना तेजाजी नगर, इंदौर (मध्य प्रदेश)।
पुलिस टीम
सुनील ताड़ा, पुलिस निरीक्षक एवं थानाधिकारी प्रतापनगर
गोविंद सिंह, सहायक उप निरीक्षक (विशेष योगदान)
सुरेंद्र, कांस्टेबल (विशेष योगदान)
पिंटू कुमार, कांस्टेबल, साइबर सेल भीलवाड़ा
पुलिस आरोपी से पूछताछ कर मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।
