*खोया हुआ आईफोन वापस मिलने पर युवती के चेहरे पर लौटी मुस्कान, चित्रकूट पुलिस का जताया आभार*
पुलिस अधीक्षक चित्रकूट अरुण कुमार सिंह के निर्देशन में संचालित ऑपरेशन मुस्कान के क्रम में जनपद पुलिस द्वारा आमजन की सहायता हेतु लगातार प्रभावी कार्यवाही की जा रही है। इसी क्रम में एसओजी/सर्विलांस प्रभारी श्री एम.पी. त्रिपाठी के मार्गदर्शन में एसओजी टीम के आरक्षी ज्ञानेश मिश्रा द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए खोया हुआ मोबाइल फोन बरामद कर उसके स्वामी को सुपुर्द किया गया।
उल्लेखनीय है कि आज दिनांक 25.06.2026 को आवेदिका प्रीति माथुर द्वारा सर्वि में प्रार्थना पत्र देकर अवगत कराया गया कि उनका नया आईफोन-17, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 80,000 रुपये है, रजिस्ट्री कार्यालय कर्वी, थाना कोतवाली कर्वी क्षेत्र के पास गुरुवार दोपहर लगभग 02 बजे कहीं गिरकर खो गया है। मोबाइल में महत्वपूर्ण व्यक्तिगत एवं आवश्यक डाटा होने के कारण आवेदिका काफी चिंतित थीं।
सूचना प्राप्त होते ही आरक्षी ज्ञानेश मिश्रा (एसओजी, चित्रकूट) द्वारा मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल तकनीकी संसाधनों एवं सर्विलांस की सहायता से मोबाइल की तलाश प्रारम्भ की गई। अथक प्रयास, सूझबूझ एवं तकनीकी दक्षता का परिचय देते हुए टीम ने मात्र 03 घंटे के भीतर खोए हुए मोबाइल फोन को बरामद कर लिया।
मोबाइल बरामद होने के उपरांत उसे विधिवत आवेदिका प्रीति माथुर को सुपुर्द किया गया। अपना कीमती मोबाइल सकुशल वापस प्राप्त कर आवेदिका के चेहरे पर खुशी लौट आई तथा उन्होंने चित्रकूट पुलिस की त्वरित एवं सराहनीय कार्यवाही की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए पुलिस टीम का बार-बार धन्यवाद व्यक्त किया।
