जिले की जहाजपुर तहसील के ग्राम सरसिया निवासी किसान श्यामलाल पुत्र गोरू मीणा, एक प्रगतिशील किसान के रूप में उभरकर सामने आए हैं। वर्ष 2025-26 में उन्होंने कृषि विभाग की गोवर्धन जैविक उर्वरक योजना के अंतर्गत अनुदान हेतु आवेदन किया। प्रशासनिक स्वीकृति प्राप्त होने के पश्चात उन्होंने गोवर्धन जैविक उर्वरक इकाई का निर्माण कराया, जिसके लिए उन्हें कृषि विभाग से 10,000 रुपये का अनुदान प्राप्त हुआ।
इस इकाई के माध्यम से श्यामलाल ने वर्मी कम्पोस्ट तैयार करना शुरू किया और धीरे-धीरे अपनी खेती को जैविक पद्धति में परिवर्तित कर दिया। इससे उनकी फसल की गुणवत्ता में सुधार हुआ और लागत में भी कमी आई।
इसके साथ ही, उन्होंने उद्यान विभाग की योजनाओं का लाभ उठाते हुए फव्वारा संयंत्र एवं पॉलीहाउस की स्थापना की, जिससे वे उन्नत तकनीक के साथ सब्जियों की खेती कर रहे हैं। आधुनिक तकनीकों को अपनाकर उन्होंने अपनी आय में उल्लेखनीय वृद्धि की है।
श्यामलाल की नवाचारपूर्ण सोच और खेती में उत्कृष्ट कार्यों को देखते हुए उन्हें आत्मा योजना के तहत तहसील स्तर पर 10,000 रुपये का पुरस्कार भी प्रदान किया गया।
वे न केवल स्वयं प्रगति कर रहे हैं, बल्कि अन्य किसानों को भी कृषि एवं उद्यान विभाग की योजनाओं की जानकारी देकर उन्हें लाभान्वित होने के लिए प्रेरित कर रहे हैं।
किसान श्यामलाल ने अपनी इस सफलता के लिए राजस्थान सरकार एवं कृषि विभाग का आभार व्यक्त किया है, जिनकी योजनाओं और सहयोग से उनका यह सफर संभव हो पाया है।
