उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी दीपक कुमार दुबे की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में जिला सड़क सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्य रूप से पुलिस अधीक्षक अमित कुमार सिंह उपस्थित थे।
बैठक में सड़क सुरक्षा से जुड़े मामलों की भी गंभीरता से समीक्षा की गई। बैठक में संज्ञान में लाया गया कि साहेबगंज स्थित संत जेवियर स्कूल के समीप नो एंट्री जोन होने के बावजूद ट्रैक्टर एवं अन्य मालवाहक वाहनों का आवागमन जारी है, जिससे विद्यालय खुलने एवं छुट्टी के समय दुर्घटना की संभावना बनी रहती है। इस पर उपायुक्त ने पूर्वाह्न 5:00 बजे से बड़े वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाने का निर्देश दिया। साथ ही विद्यालयों के आस-पास जाम की संभावना वाली जगहों पर पुलिस बल/ होमगार्ड /चौकीदार की अभिलंब प्रतिनियुक्ति का निर्देश दिया।
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बरहरवा द्वारा बोरना पहाड़ मार्ग एवं बरहेट थाना के समीप ब्लाइंड स्पॉट वाले क्षेत्रों में दुर्घटना की संभावना की जानकारी दी गई। उपायुक्त ने कार्यपालक अभियंता, पथ निर्माण विभाग को इन स्थानों पर शीघ्र convex mirror एवं rumble strip स्पीड ब्रेकर लगाने का निर्देश दिया। साथ ही महाराजपुर से तालझारी सड़क मार्ग पर cat eye reflector, road marking एवं sign board लगाने के निर्देश दिए गए, ताकि सड़क दुर्घटनाओं को रोका जा सके।
बैठक में हिट एंड रन मामलों की समीक्षा के दौरान बताया गया कि वर्ष 2025 में कुल 35 मामलों में 30 मामलों में आश्रितों को भुगतान हो चुका है सिर्फ 05 मामला भुगतान हेतु जीआईसी स्तर पर लंबित है। वर्ष 2026 में 07 हिट एंड रन का दुर्घटना घटी और सभी दुर्घटनाओं से संबंधित मामला थाना स्तर पर लंबित है। इस पर उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सड़क दुर्घटना में मृतकों के परिजनों को मुआवजा दिलाने हेतु हिट एंड रन से संबंधित आवेदन समय पर विभाग को उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।
आगामी मानसून को देखते हुए उपायुक्त ने सभी अंचलाधिकारियों को सड़क किनारे स्थित सूखे एवं जर्जर पेड़ों की सूचना वन विभाग को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया, ताकि समय रहते उन पेड़ों को हटाने की कार्रवाई कर दुर्घटनाओं की संभावना को रोका जा सके।
बैठक में वन प्रमंडल पदाधिकारी प्रबल गर्ग, उप विकास आयुक्त सतीश चंद्रा, अपर समाहर्ता गौतम कुमार भगत, अनुमंडल पदाधिकारी सदानंद महतो, जिला खनन पदाधिकारी कृष्ण कुमार किस्कू, जिला आपूर्ति पदाधिकारी झुन्नु कुमार मिश्रा, जिला परिवहन पदाधिकारी मिथिलेश कुमार चौधरी, सदर एसडीपीओ विजय कुस्वाहा, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित थे।
आकाश कुमार भगत
