कृषि विभाग की योजनाओं से बदली किसान रामेश्वर धाकड़ की खेती की तस्वीर
जिले की जहाजपुर के ग्राम गंधेर निवासी कृषक रामेश्वर धाकड़ ने कृषि विभाग की योजनाओं का लाभ लेकर अपनी खेती एवं पशुपालन को नई दिशा दी है। उन्होंने कृषि विभाग के कर्मचारियों एवं कृषि पर्यवेक्षक से संपर्क कर विभागीय योजनाओं की जानकारी प्राप्त की तथा वर्ष 2025-26 में NAMSA (सतत कृषि के लिए राष्ट्रीय मिशन) योजना के अंतर्गत विभिन्न गतिविधियों का लाभ लिया।
कृषि पर्यवेक्षक के मार्गदर्शन में रामेश्वर धाकड़ को पशुपालन के लिए चापकटर, जैविक खेती को बढ़ावा देने हेतु वर्मी बेड निर्माण तथा पौधरोपण की जानकारी एवं सहायता प्रदान की गई। विभागीय सहयोग से उन्होंने अपने खेत पर वर्मी बेड का निर्माण करवाया और पौधे भी लगाए। इसके साथ ही उन्हें चापकटर पर अनुदान का लाभ भी प्राप्त हुआ।
इन योजनाओं के माध्यम से उन्हें लगभग 30 हजार रुपये का अनुदान प्राप्त हुआ, जिससे खेती और पशुपालन का आर्थिक भार कम हुआ तथा जैविक खेती को बढ़ावा मिला। रामेश्वर धाकड़ का कहना है कि कृषि विभाग द्वारा समय-समय पर किसानों को योजनाओं की जानकारी देने से ग्रामीण क्षेत्र के किसानों को सीधा लाभ मिल रहा है।
उन्होंने बताया कि उनके साथ लगभग 40 अन्य किसानों को भी इन योजनाओं का लाभ मिला है, जिससे क्षेत्र में खेती के प्रति जागरूकता और आत्मनिर्भरता बढ़ी है। आज किसान आधुनिक एवं जैविक खेती की ओर अग्रसर हो रहे हैं।
अंत में कृषक रामेश्वर धाकड़ ने राज्य सरकार एवं कृषि विभाग का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार की किसान हितैषी योजनाएं ग्रामीण किसानों के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध हो रही हैं और भविष्य में भी ऐसे प्रयास किसानों की आर्थिक स्थिति को मजबूत बनाएंगे।
