Type Here to Get Search Results !

🔴LIVE TV

निःशुल्क महा स्वास्थ्य शिविर बना जीवनदायी पहल अबूझमाड़ क्षेत्र के कैंसर मरीजों का निःशुल्क उपचार प्रारंभ, मुफ्त कीमोथेरेपी का पहला चरण पूर्ण ...........NN81



जिला नारायणपुर अंतर्गत जिला प्रशासन द्वारा 19 अप्रैल 2026 को शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नारायणपुर में निःशुल्क महा स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया था। शिविर का उद्देश्य दूरस्थ एवं वनांचल क्षेत्रों, विशेषकर अबूझमाड़ क्षेत्र के नागरिकों को विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना, गंभीर बीमारियों की प्रारंभिक पहचान करना तथा जरूरतमंद मरीजों को समय पर उपचार से जोड़ना था।


शिविर में विभिन्न विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा स्वास्थ्य परीक्षण एवं परामर्श प्रदान किया गया। विशेष रूप से ऑन्कोलॉजी (कैंसर) विभाग के विशेषज्ञ चिकित्सकों एवं कैंसर जांच वाहन के माध्यम से कैंसर की जांच एवं स्क्रीनिंग की गई। इस दौरान कुल 124 व्यक्तियों की जांच की गई, जिनमें 86 मरीजों की विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा विस्तृत जांच एवं 38 व्यक्तियों की कैंसर जांच वाहन के माध्यम से स्क्रीनिंग की गई। जांच के दौरान कैंसर के लक्षण, जोखिम कारक एवं स्वास्थ्य स्थिति का मूल्यांकन कर मरीजों को आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया गया।


शिविर में जांच एवं विशेषज्ञ परामर्श के उपरांत अबूझमाड़ क्षेत्र सहित जिला नारायणपुर के तीन कैंसर मरीजों — रत्तूराम कन्हारगांव, सुनील कुमार एवं बिजनी बाई — को आगे उपचार हेतु रायपुर रेफर किया गया। उक्त मरीजों द्वारा 20 अप्रैल 2026 से 25 अप्रैल 2026 के मध्य पुनः विस्तृत जांच एवं आवश्यक चिकित्सकीय परीक्षण कराए गए, जिसके पश्चात उनका कैंसर उपचार प्रारंभ किया गया।


इसी क्रम में वी.वाय. हॉस्पिटल रायपुर में मरीजों को पूर्णतः निःशुल्क कीमोथेरेपी (Chemotherapy) का प्रथम चरण अर्थात “फर्स्ट साइकिल कीमो” दिया गया। कीमोथेरेपी कैंसर उपचार की एक महत्वपूर्ण चिकित्सा प्रक्रिया है, जिसमें विशेष दवाओं के माध्यम से शरीर में मौजूद कैंसर कोशिकाओं की वृद्धि को नियंत्रित करने एवं उन्हें नष्ट करने का प्रयास किया जाता है। विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में मरीजों का उपचार किया गया तथा उपचार के दौरान उनकी स्वास्थ्य स्थिति का सतत परीक्षण भी किया गया। प्रथम चरण की निःशुल्क कीमोथेरेपी पूर्ण होने के बाद चिकित्सकों द्वारा मरीजों को 03 सप्ताह पश्चात पुनः फॉलोअप एवं अगले उपचार चक्र हेतु बुलाया गया है।


जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग के समन्वित प्रयासों से अब इन मरीजों को नियमित उपचार एवं आवश्यक चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। दूरस्थ वनांचल एवं अबूझमाड़ क्षेत्र में आयोजित इस स्वास्थ्य शिविर के माध्यम से गंभीर बीमारी से पीड़ित मरीजों को समय पर पहचान, परामर्श एवं निःशुल्क उपचार की सुविधा प्राप्त हो रही है। यह पहल ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों तक विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने तथा जरूरतमंद मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो रही है।

संवाददाता खुमेश यादव 

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Advertisement

#codes