अमरोहा जनपद के गजरौला थाना क्षेत्र में में बीती 7 मई को रेलवे ट्रैक किनारे मिले महिला के शव की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। शादी का दबाव प्रेमिका की मौत की वजह बन गया। पुलिस के मुताबिक प्रेमी ने अपने बहनोई के साथ मिलकर महिला की गला दबाकर हत्या कर दी और शव रेलवे पटरी किनारे फेंककर फरार हो गया। मामले में पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
अमरोहा जनपद के गजरौला थाना क्षेत्र में 7 मई 2026 को भानपुर फाटक के पास रेलवे ट्रैक किनारे एक अज्ञात महिला का शव मिलने से सनसनी फैल गई थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और जांच शुरू की। 9 मई को शव की पहचान तनु पत्नी सुनील तमोली निवासी शिव विहार कॉलोनी बल्लभगढ़, फरीदाबाद हरियाणा के रूप में हुई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या की पुष्टि हुई।
पुलिस जांच में सामने आया कि मृतका का अपने पति से विवाद चल रहा था और वह काफी समय से अलग रह रही थी। इसी दौरान उसकी नजदीकियां अमरोहा के नौगावां सादात थाना क्षेत्र के मिलक बकैना निवासी कामिल से हो गईं। दोनों के बीच प्रेम संबंध थे, लेकिन महिला लगातार शादी का दबाव बना रही थी। इसी बात से परेशान होकर आरोपी कामिल ने अपने बहनोई नाजिर निवासी मीरासराय थाना अमरोहा देहात के साथ मिलकर हत्या की साजिश रच डाली। पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपी महिला को गजरौला स्टेशन के आगे सुनसान रेलवे ट्रैक किनारे ले गए, जहां गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को चुन्नी से ढककर मौके पर छोड़ दिया गया और दोनों फरार हो गए। पुलिस ने परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर जांच आगे बढ़ाई और दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। सनसनीखेज हत्याकांड के खुलासे के बाद इलाके में चर्चाओं का माहौल है।
रिपोर्ट:-मौ। अज़ीम अमरोहा
बाइट: अखिलेश भदौरिया, एडिशनल एसपी अमरोहा
