Type Here to Get Search Results !

🔴LIVE TV

कोंटा पहुंचे बस्तर कमिश्नर श्री डोमन सिंह......NN81



*मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर अभियान स्वास्थ्य शिविर का किया निरीक्षण*


*मनीकोंटा और एर्राबोर में विस्थापित परिवारों की वापसी पर की चर्चा*


बस्तर कमिश्नर श्री डोमन सिंह शनिवार को एकदिवसीय क्षेत्रभ्रमण पर कोंटा पहुंचे। इस दौरान कलेक्टर श्री अमित कुमार एवं डिप्टी कमिश्नर श्री बी.एस. सिदार भी उनके साथ मौजूद रहे। कमिश्नर ने मनीकोंटा एवं एर्राबोर पंचायतों में संचालित मुख्यमंत्री स्वास्थ्य बस्तर अभियान के अंतर्गत आयोजित स्वास्थ्य शिविरों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।


निरीक्षण के दौरान कमिश्नर श्री सिंह ने ग्रामीणों से संवाद कर गांव से विस्थापित परिवारों की स्थिति की जानकारी ली। सरपंच, सचिव, ग्राम पटेल एवं ग्रामीणों से चर्चा करते हुए उन्होंने विस्थापित परिवारों को पुनः गांव वापस लाने के संबंध में विचार-विमर्श किया। ग्रामीणों ने बताया कि जो परिवार पहले गांव छोड़कर गए थे, वे उनके ही परिजन हैं और उनके लौटने से गांव में किसी प्रकार की समस्या नहीं होगी। सरपंच ने भी भरोसा दिलाया कि लौटने वाले परिवारों को बसाने में गांव की ओर से सहयोग किया जाएगा।


ग्रामीणों की मांग पर कमिश्नर ने मनीकोंटा में दो अतिरिक्त कक्ष स्वीकृत करने के निर्देश दिए। गांव में 13 ग्रामीणों को किसान किताब का वितरण किया गया। साथ ही कमिश्नर एवं कलेक्टर ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए बताया कि 18 मई को गांव में सुशासन तिहार के अंतर्गत शिविर आयोजित किया जाएगा, जिसमें आधार कार्ड, वोटर आईडी, आयुष्मान कार्ड, राशन कार्ड सहित सभी आवश्यक शासकीय दस्तावेज बनाए जाएंगे और समस्याओं का समाधान किया जाएगा। उन्होंने ग्रामीणों से शिविर का अधिकतम लाभ उठाने तथा मोतियाबिंद मरीजों को उपचार हेतु जिला अस्पताल भेजने की अपील की।


इसके पश्चात कमिश्नर श्री डोमन सिंह कोंटा जनपद में सलवा जुड़ूम के दौरान आंध्रप्रदेश-तेलंगाना प्रवासित परिवारों के सर्वे को लेकर आयोजित समीक्षा बैठक में शामिल हुए। बैठक में कोर्रा, भेज्जी, सुरपनगुड़ा, इंजरम, कोलाईगुड़ा, मनीकोंटा सहित प्रभावित गांवों के सरपंच, सचिव, पटवारी, बीट गार्ड एवं सर्वे टीम के सदस्य उपस्थित रहे। बैठक में प्रवासित परिवारों के आधार कार्ड, राशन कार्ड, राजस्व भूमि, मकान एवं अन्य दस्तावेजों की स्थिति पर विस्तार से चर्चा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। वापसी में उन्होंने पेदाकुर्ती में स्थित उद्यानिकी का निरीक्षण कर आवश्यक निर्देश दिए। इस दौरान कोंटा एसडीएम श्री सुभाष शुक्ला, जनपद सीईओ श्री सुमित ध्रुव तहसीलदार श्री योपेंद्र पात्रे, श्री इरशाद अहमद और अन्य अधिकारी उपस्थित थे।


जिला ब्यूरो प्रमोद कुमार नाग।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Advertisement

#codes