पिड़ावा क्षेत्र के कोटड़ी गांव में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मृतका की पहचान कविता के रूप में हुई है। इस मामले में मृतका के पिता प्रेमचंद ने पति सहित ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाया है।
प्रेमचंद के अनुसार, उनकी बेटी कविता का विवाह 4-5 वर्ष पूर्व कोटड़ी निवासी गोविंद बैरागी से हुआ था। बीते 6 महीनों से पारिवारिक विवाद के चलते कविता अपने मायके कनवाड़ी में रह रही थी।
बताया जा रहा है कि आरोपी पति गोविंद ने कविता को यह कहकर गांव बुलाया कि परिवार मकान बेचना चाहता है। कविता सुबह करीब 11 बजे बस से कनवाड़ी से पिड़ावा के लिए रवाना हुई थी। आरोप है कि गांव पहुंचने के बाद गोविंद, उसके पिता संतोष बैरागी और मां चंद्रकला ने मिलकर उसकी हत्या कर दी।
परिजनों के अनुसार, घटना के बाद गोविंद घायल अवस्था में कविता को पिड़ावा अस्पताल लेकर पहुंचा और डॉक्टरों को बाइक से गिरने की बात बताई। गंभीर हालत होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
मामले का खुलासा तब हुआ जब मृतका की मां ने वीडियो कॉल के जरिए स्थिति देखी। इसके बाद परिजन तुरंत कोटड़ी पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पिड़ावा अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, संपत्ति विवाद इस घटना की मुख्य वजह बताया जा रहा है। मृतका के ससुराल पक्ष द्वारा मकान बेचने और जमीन खरीदने को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी विवाद के चलते कविता को पहले मायके भेज दिया गया था।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है।
संवाददाता मोहम्मद इस्लाम
