जिले में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने, आपदा प्रबंधन को प्रभावी करने तथा वनाधिकार प्रकरणों के त्वरित निराकरण के उद्देश्य से कलेक्टर विकास मिश्रा की अध्यक्षता में राजस्व, पुलिस एवं वन विभाग की संयुक्त समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी, वनमण्डलाधिकारी प्रीती अहिरवार, अपर कलेक्टर बीपी पाण्डेय, उपसंचालक संजय टाइगर रिजर्व राजेश कन्ना टी सहित संबंधित विभागों के खंड स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में कलेक्टर ने कानून व्यवस्था की स्थिति पर सतत निगरानी रखने और संवेदनशील क्षेत्रों में समन्वित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विभागों के बीच बेहतर तालमेल और प्रशासनिक सतर्कता से ही जिले में शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था मजबूत बनी रह सकती है।
पटाखा भंडारण स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कलेक्टर ने विशेष निर्देश देते हुए कहा कि राजस्व एवं पुलिस विभाग के संयुक्त दल गठित कर जिले के सभी पटाखा भंडारण स्थलों का निरीक्षण किया जाए तथा सुरक्षा मानकों की जांच कर विस्तृत प्रतिवेदन प्रस्तुत किया जाए, जिससे संभावित दुर्घटनाओं को समय रहते रोका जा सके।
आपदा प्रबंधन की तैयारियों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने सभी थाना प्रभारियों एवं संबंधित अधिकारियों को थाना-वार डिजास्टर मैनेजमेंट प्लान तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदा अथवा आकस्मिक घटनाओं की स्थिति में त्वरित और समन्वित प्रतिक्रिया के लिए पूर्व तैयारी अत्यंत आवश्यक है।
बैठक में संजय टाइगर रिजर्व क्षेत्र के विस्थापन कार्यों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि जिन ग्रामों में प्रभावित परिवारों को मुआवजा राशि का वितरण पूर्ण हो चुका है, वहां अभियान चलाकर विस्थापन प्रक्रिया को गति दी जाए ताकि परियोजना से जुड़े कार्य समयबद्ध तरीके से आगे बढ़ सकें।
वनाधिकार दावों के निराकरण को लेकर कलेक्टर ने निर्देश दिए कि वनाधिकार संबंधी आवेदन ऑफलाइन माध्यम से भी स्वीकार किए जाएं, जिससे दूरस्थ क्षेत्रों के पात्र हितग्राहियों को सुविधा मिल सके। उन्होंने सामुदायिक वनाधिकार दावों के संवेदनशील एवं प्राथमिकता आधारित निराकरण पर विशेष जोर दिया।
बैठक में मादक पदार्थों और नशे के विरुद्ध प्रभावी अभियान चलाने के निर्देश भी दिए गए। कलेक्टर ने कहा कि युवाओं और समाज को नशे की गिरफ्त से बचाने के लिए पुलिस, राजस्व एवं संबंधित विभाग समन्वित कार्रवाई करें तथा अवैध मादक पदार्थों के कारोबार, परिवहन एवं बिक्री पर कड़ी निगरानी रखी जाए।
जनगणना कार्यों को प्रशासन की महत्वपूर्ण प्राथमिकता बताते हुए कलेक्टर ने सभी विभागीय अधिकारियों से जनगणना संबंधी गतिविधियों में सक्रिय सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि यह राष्ट्रीय महत्व का कार्य है, इसलिए सभी विभाग समन्वय के साथ इसे समयबद्ध और सटीक रूप से संपन्न कराने में सहयोग करें।
बैठक के अंत में कलेक्टर ने निर्देश दिए कि खंड स्तर पर राजस्व, पुलिस और वन विभाग की नियमित संयुक्त बैठकें आयोजित की जाएं, जिससे स्थानीय स्तर पर उत्पन्न समस्याओं का त्वरित समाधान हो सके और विभागीय समन्वय मजबूत बना रहे।
सीधी से संवाददाता — गिरीश शुक्ला की रिपोर्ट
