कबीरधाम जिले के सहसपुर लोहारा थाना क्षेत्र में एक लापता युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान दीपक तिवारी पिता रेवती रमन तिवारी उम्र लगभग 25 वर्ष निवासी गौरमाटी हाल मुकाम शांतिनगर लोहारा के रूप हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दीपक तिवारी 21 मई 2026 की रात से लापता था, जिसके बाद परिजनों द्वारा उसकी तलाश की जा रही थी। युवक के नहीं मिलने पर 22 मई 2026 को थाना लोहारा में गुम इंसान दर्ज कराया गया था।
इसी बीच आज 23 मई 2026 को एक क्रेशर प्लांट परिसर में युवक का शव उसकी बाइक सहित संदिग्ध अवस्था में मिला। शव मिलने की सूचना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंची लोहारा पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई शुरू की।
प्रथम दृष्टया मामला दुर्घटना का प्रतीत हो रहा है। आशंका जताई जा रही है कि युवक बाइक सहित अनियंत्रित होकर गिर गया होगा, जिससे उसकी मौत हुई। हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा।
फिलहाल थाना लोहारा पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जांच उपरांत ही घटना से जुड़े सभी तथ्य स्पष्ट हो पाएंगे।
