दक्षिणी राजस्थान प्रादेशिक माहेश्वरी महिला संगठन एवं जिला माहेश्वरी महिला संगठन, उदयपुर का शपथ ग्रहण समारोह उदयपुर के हिरण मगरी सेक्टर-4 स्थित महेश सेवा समिति में गरिमामय वातावरण में आयोजित हुआ। “गौरव गाथा एवं नव दायित्व सम्मान से संकल्प की ओर, एक नई उड़ान” थीम पर आयोजित इस समारोह में बड़ी संख्या में सदस्याओं ने भाग लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ महेश वंदना, स्वागत नृत्य एवं अतिथियों के अभिनंदन के साथ हुआ। मुख्य अतिथि राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष ममता मोदानी तथा विशिष्ट अतिथि पश्चिमांचल संयुक्त मंत्री कुंतल तोषणीवाल रहीं। पूर्व राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष कौशल्या गट्टानी ने संगठन में टीम भावना और एकजुट होकर कार्य करने पर जोर दिया। वहीं कुंतल तोषणीवाल ने कहा कि पद जिम्मेदारी और सेवा का अवसर है, जिसे समर्पण के साथ निभाना चाहिए।
शपथ ग्रहण अधिकारी ममता मोदानी ने नवनिर्वाचित प्रदेश टीम को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पदाधिकारी अपने दायित्वों का निर्वहन निष्ठा, अनुशासन और समर्पण भाव से करें। साथ ही कार्यक्रम संचालन, मंच व्यवस्था और संगठनात्मक प्रोटोकॉल से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी भी साझा की।
नवनिर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष सीमा कोगटा और उदयपुर जिलाध्यक्ष मंजू गांधी ने संगठन एवं समाजहित में कार्य करने का संकल्प व्यक्त करते हुए सभी सदस्याओं का आभार जताया। समारोह में विभिन्न पदों पर नई कार्यकारिणी की घोषणा की गई, जिसमें भीलवाड़ा, चित्तौड़गढ़, राजसमंद, प्रतापगढ़ और उदयपुर सहित विभिन्न जिलों की महिलाओं को जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
कार्यक्रम का संचालन श्रद्धा गट्टानी ने किया। अंत में डॉ. सुशीला असावा और नीलम पेडीवाल ने आभार व्यक्त किया। समारोह में विभिन्न जिलों से आई बड़ी संख्या में महिला सदस्याओं की उपस्थिति रही।
